वोटर लिस्ट से जुड़ी समस्या का होगा समाधान, जिला निर्वाचन कार्यालय ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर

Spread the love

वोटर लिस्ट से जुड़ी समस्या का होगा समाधान, जिला निर्वाचन कार्यालय ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर

मतदाता सूची पुनरीक्षण के लिए डीसीसी शुरू सुबह नौ से रात नौ बजे तक 05498- 225808 नंबर पर कर सकेंगे संपर्क

बलिया। विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के संबंध में मतदाताओं को जानकारी उपलब्ध कराने के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय में डिस्ट्रिक्ट कांटेक्ट सेंटर (डीसीसी) संचालित किया जा रहा है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि मतदाता पुनरीक्षण से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए मतदाता डीसीसी के दूरभाष नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि अर्हता तिथि एक जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन 17 नवंबर 2026 को किया जा चुका है। प्रकाशित मतदाता सूची पर दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक निर्धारित है। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन चार जनवरी 2027 को होना निर्धारित है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के आलेख्य प्रकाशन से लेकर अंतिम प्रकाशन तक यानी 17 नवंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक मतदाताओं की सुविधा के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय, बलिया में सुबह नौ बजे से रात्रि नौ बजे तक डिस्ट्रिक्ट कांटेक्ट सेंटर संचालित रहेगा। मतदाता पुनरीक्षण से संबंधित किसी भी जानकारी, समस्या या जिज्ञासा के समाधान के लिए डीसीसी के दूरभाष नंबर 05498- 225808 पर संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने जनपद के समस्त नागरिकों एवं मतदाताओं से अपील की है कि वे किसी भी कार्यदिवस में निर्धारित समय के दौरान डीसीसी से संपर्क स्थापित कर मतदाता सूची पुनरीक्षण से संबंधित आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *