
बलिया में 30 नवंबर को लगेगा वृहद रोजगार मेला, 20 से अधिक कंपनियां करेंगी भर्ती
बलिया। जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत 30 नवंबर 2026 को विधानसभा क्षेत्र बलिया नगर में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह मेला राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (गवर्नमेंट आईटीआई), रामपुर उदयभान, बलिया में सुबह 10 बजे से शुरू होगा। मेले में 20 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां एवं नियोक्ता प्रतिभाग कर युवाओं का विभिन्न पदों पर निःशुल्क चयन करेंगे। रोजगार मेले में उत्तर प्रदेश परिवहन निगम बलिया डिपो, प्रमोकाश आउटसोर्सिंग सर्विस प्राइवेट लिमिटेड, अतुल ऑटो, फ्लिपकार्ट, केल्विन पाइप, सिल्वर कंज्यूमर इलेक्ट्रिक, विशाल वेयरिंग, टाटा मोटर्स, एलएंडटी, उत्कर्ष बैंक, क्वेस कॉरपोरेशन प्राइवेट लिमिटेड, सेफ एक्सप्रेस लॉजिस्टिक्स, अशोक लेलैंड, एमआरएफ टायर्स, हिंडाल्को रेनुकूट, सुब्रोस सहित अन्य कंपनियां शामिल होंगी। मेले में संविदा बस चालक, कैशियर, सुरक्षा गार्ड, ऑपरेशन असिस्टेंट, मशीन ऑपरेटर, हेल्पर, कंस्ट्रक्शन वर्कर, सेल्स ट्रेनर, सेल्स ऑफिसर, सुपरवाइजर और टेक्नीशियन समेत विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी।




चयनित अभ्यर्थियों को पद के अनुसार 15,500 रुपये से लेकर 35,000 रुपये प्रतिमाह तक का सीटीसी (CTC) दिया जाएगा। इस रोजगार मेले में अकुशल श्रमिकों के साथ आठवीं, दसवीं, बारहवीं, स्नातक, परास्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा एवं कौशल प्रशिक्षण प्राप्त अभ्यर्थी भी प्रतिभाग कर सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थियों को रोजगार संगम पोर्टल (https://rojgaarsangam.up.gov.in) पर पंजीकरण कर अपनी शैक्षिक योग्यता के अनुसार इच्छुक कंपनियों में आवेदन करना होगा। अभ्यर्थियों को 30 नवंबर को सुबह 10 बजे राजकीय आईटीआई, रामपुर उदयभान में अपने सभी शैक्षिक एवं अन्य आवश्यक प्रमाण-पत्रों की मूल प्रति और छायाप्रति के साथ उपस्थित होना होगा। रोजगार मेले में प्रतिभाग करने के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा और न ही मार्ग व्यय देय होगा। रोजगार मेले से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं कंपनियों की रिक्तियों का विवरण रोजगार संगम पोर्टल पर उपलब्ध है। अभ्यर्थी अधिक जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 155330 अथवा जिला सेवायोजन कार्यालय, बलिया से संपर्क कर सकते हैं।