
विभाजन की त्रासदी जानना और नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी : विजय राजभर
बलिया। हर घर तिरंगा अभियान-2026, विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस एवं 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को गंगा बहुद्देशीय सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि प्रदेश मंत्री विजय कुमार राजभर और परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान विभाजन विभीषिका और स्वतंत्रता दिवस पर आधारित लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई।

प्रदेश मंत्री विजय राजभर ने कहा कि विभाजन देश के इतिहास का ऐसा काला अध्याय है, जिसकी त्रासदी को जानना और नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है। विभाजन के दौरान लाखों लोगों को विस्थापन, हिंसा और अमानवीय परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने युवाओं और विद्यार्थियों से इतिहास को तथ्यों के साथ समझने तथा उससे सीख लेकर सामाजिक एकता और भाईचारे को मजबूत करने का आह्वान किया।
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि देश को आजादी मिलने से ठीक पहले विभाजन की भयावह त्रासदी से गुजरना पड़ा। करीब डेढ़ करोड़ लोग विस्थापित हुए और लाखों लोगों ने अपनी जान गंवाई। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान के कारण देश आजाद हुआ, इसलिए प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह तिरंगे के सम्मान को बनाए रखे और राष्ट्र निर्माण में योगदान दे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब प्रत्येक नागरिक अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करेगा। उन्होंने बलिया के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान को याद करते हुए कहा कि 1942 के आंदोलन में चित्तू पांडेय के नेतृत्व में जिले ने अंग्रेजी हुकूमत को चुनौती देते हुए आजाद सरकार की स्थापना की थी।

स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रित सम्मानित
कार्यक्रम में प्रदेश मंत्री विजय राजभर एवं परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने 11 स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों को मिठाई, शाल एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया। कृषि विभाग की ओर से 13 किसानों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। वहीं शहीद मंगल पांडेय राजकीय महिला महाविद्यालय और सतीश चंद्र कॉलेज के बीए एवं बीएससी के 10 छात्र-छात्राओं को भी प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान राष्ट्रगान भी प्रस्तुत किया गया।

विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन
हर घर तिरंगा अभियान के तहत विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। गुलाब देवी बालिका इंटर कॉलेज, महर्षि वाल्मीकि विद्या मंदिर, आरके मिशन, सनबीम स्कूल, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज तथा प्राथमिक विद्यालय शेरवाकला के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।
प्राथमिक विद्यालय शेरवाकला की ‘हर घर तिरंगा’ विषयक प्रस्तुति से प्रभावित होकर परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने विद्यालय की छात्र-छात्राओं की पूरी टीम को 31 हजार रुपये तथा उन्हें तैयार करने वाले शिक्षक को 11 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। अन्य प्रतिभागी विद्यालयों को भी 31-31 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की गई।

विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर निकला मौन जुलूस
कार्यक्रम के बाद प्रदेश मंत्री विजय कुमार राजभर और परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने गंगा बहुद्देशीय सभागार से मौन जुलूस को रवाना किया। जुलूस टीडी कॉलेज चौराहा होते हुए कुंवर सिंह चौराहा पहुंचा, जहां इसका समापन हुआ। इस दौरान कुंवर सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर विभाजन के दौरान जान गंवाने वाले और विस्थापित हुए लोगों को श्रद्धांजलि दी गई। जुलूस में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, सीडीओ आलोक कुमार, सीआरओ गुलशन, एडीएम अनिल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, राज्यसभा सांसद नीरज शेखर, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा, महिला आयोग सदस्य सुनीता श्रीवास्तव, डीडीओ आनंद प्रकाश सहित जिला स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल रहे। कार्यक्रम के माध्यम से एकता, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया गया।