
जेएनसीयू में हर घर तिरंगा अभियान के तहत निकली तिरंगा रैली, शहीदों को किया नमन
बलिया। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय में हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। कुलपति प्रो. नरेन्द्र कुमार शुक्ल के संरक्षण में आयोजित इस रैली में विश्वविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी एवं विद्यार्थी देशभक्ति की भावना के साथ हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने तिरंगे के सम्मान और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद किया। विश्वविद्यालय के एनएसएस स्वयंसेवक सुखपुरा स्थित शहीद स्मारक स्थल पहुंचे, जहां उन्होंने साफ-सफाई अभियान चलाकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।




इस अवसर पर विद्यार्थियों को वर्ष 1942 के बलिया आंदोलन और स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास से अवगत कराया गया। उन्हें बताया गया कि अंग्रेजी शासन के विरुद्ध बलिया में हुए विद्रोह के दौरान कई स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने प्राणों की आहुति दी थी। सुखपुरा क्षेत्र के शहीदों की गौरवगाथा से भी विद्यार्थियों को परिचित कराया गया। कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. प्रमोद शंकर पाण्डेय रहे। समिति के सदस्य डॉ. लाल विजय सिंह, डॉ. विवेक कुमार यादव, डॉ. विवेक कुमार, डॉ. पूजा सिंह और मंशा पाण्डेय ने आयोजन में सहयोग किया।
इस दौरान डॉ. संजीव कुमार, डॉ. स्मिता त्रिपाठी, डॉ. शैलेन्द्र सिंह सहित विश्वविद्यालय के अन्य प्राध्यापक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।