
एचआईवी एड्स से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने और समाज में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने पर दिया गया जोर
बलिया। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय, बलिया में अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर रेड रिबन क्लब की ओर से “एचआईवी एड्स की रोकथाम एवं भेदभाव-मुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका” विषय पर भाषण प्रतियोगिता माधव अकादमिक भवन में आयोजित की गई।
कुलपति प्रो. नरेंद्र कुमार शुक्ल के संरक्षण एवं निर्देशन में आयोजित प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने एचआईवी एड्स की रोकथाम, जागरूकता, सुरक्षित व्यवहार तथा संक्रमित व्यक्तियों के प्रति सामाजिक भेदभाव समाप्त करने में युवाओं की भूमिका पर विचार रखे। प्रतिभागियों ने एचआईवी एड्स से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने और समाज में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने पर जोर दिया। वक्ताओं ने कहा कि सही जानकारी, जागरूकता और संवेदनशीलता के माध्यम से एचआईवी एड्स से संबंधित सामाजिक भेदभाव को कम किया जा सकता है। युवाओं को इस दिशा में जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए। कार्यक्रम के संयोजक रेड रिबन क्लब के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. संजीव कुमार रहे। निर्णायक मंडल में अंग्रेजी विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. नीरज कुमार सिंह, वाणिज्य विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. विजय शंकर पाण्डेय तथा हिंदी विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. अभिषेक मिश्र शामिल रहे। निर्णायकों ने विषयवस्तु, प्रस्तुतीकरण, तार्किकता एवं प्रभावशीलता के आधार पर प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया। इस अवसर पर इतिहास विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. शैलेन्द्र सिंह सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं को एचआईवी एड्स के प्रति जागरूक करने और भेदभाव- मुक्त एवं संवेदनशील समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।