
नगरा में चाची की हत्या का आरोपी भतीजा गिरफ्तार, लोहे की रॉड और बाइक बरामद
बलिया। नगरा थाना क्षेत्र के गड़वार मोड़ पर कंचन देवी की हत्या के मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी भतीजे ओमकारेश्वर उर्फ बिट्टू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड, एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 11 अगस्त को कंचन देवी की हत्या के संबंध में थाना नगरा में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद से नामजद आरोपी ओमकारेश्वर उर्फ बिट्टू निवासी खारी फरार था।
पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी की मोटरसाइकिल झाड़ी बाबा मठ के पास सड़क किनारे पड़ी है और वह पास की झाड़ियों में घायल अवस्था में छिपा हुआ है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को झाड़ियों से घायल हालत में बरामद कर लिया। उसके सिर में चोट लगी थी, जिसके बाद उसे तत्काल सीएचसी नगरा ले जाया गया। उपचार के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि कंचन देवी उसकी चाची थीं। उसने कथित रूप से बताया कि दोनों के बीच अवैध संबंध थे, जिसकी जानकारी परिवार को हो गई थी। 11 अगस्त को वह चाची को मोटरसाइकिल से गड़वार मोड़ स्थित एक क्लीनिक लेकर गया था। बाद में वहां एक व्यक्ति से चाची की बातचीत को लेकर उसका विवाद हो गया। गुस्से में उसने लोहे की पाइप से चाची के सिर पर वार कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी मोटरसाइकिल से भाग निकला। रास्ते में एक अज्ञात पिकअप से उसकी बाइक टकरा गई, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद वह झाड़ी बाबा मठ के पास झाड़ियों में छिप गया, जहां पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया।