बलिया जनेश्वर सेतु के समीप गंगा नदी में उतराया मिला महिला का शव, बेटे ने मां के रूप में की पहचान

Spread the love

श्रवण कुमार पांडेय

बलिया जनेश्वर सेतु के समीप गंगा नदी में उतराया मिला महिला का शव, बेटे ने मां के रूप में की पहचान

घर पर होना था रुद्राभिषेक, महावीर घाट पर गंगाजल लाने गए थे दम्पति, डूबे

अधिवक्ता ओमप्रकाश दुबे कलेक्ट बार एसोसिएशन बलिया के थे पूर्व अध्यक्ष, तलाश जारी

बलिया। दुबहर थाना क्षेत्र के बयासी स्थित जनेश्वर सेतु के समीप मंगलवार की दोपहर महिला का शव गंगा नदी में उतराया मिला। महिला की पहचान उसके बेटे हर्षित दुबे ने मां के रूप में की। जबकि मृतका के पति की तलाश जारी है। समाचार लिखे जाने तक पता नहीं चल सका था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

शहर कोतवाली क्षेत्र के टैगोर नगर निवासी व मृतका के बेटे हर्षित दुबे ने पुलिस को बताया कि घर पर रुद्राभिषेक होना था। जिसके लिए गंगाजल लाने के लिए मां इंदु दुबे 52 वर्ष और पिता ओमप्रकाश दुबे 54 वर्ष बाइक से सोमवार की शाम चार बजे महावीर घाट गए हुए थे। इसके बाद दोनों गंगा नदी में कैसे डूबे, इसकी जानकारी नहीं है। हम लोगों ने काफी छानबीन किया। मंगलवार की दोपहर जनेश्वर सेतु के समीप गंगा नदी के किनारे महिला का शव उतराने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे तो वह मेरी मां इंदू दुबे थी। जबकि पिता ओम प्रकाश दुबे का अभी पता नहीं चल सका है। शंका जताई जा रही है कि गंगाजल भरते वक्त पैर फिसल गया होगा और गहरे पानी में चले गए होंगे और डूब गए। ओमप्रकाश दुबे पेशे से अधिवक्ता थे और कलेक्ट बार एसोसिएशन बलिया के पूर्व अध्यक्ष थे। यह मूल रूप से बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के रहने वाले थे। वर्तमान में शहर कोतवाली क्षेत्र के टैगोर नगर में आवास बनाकर परिवार के साथ रहते थे। इस बाबत दुबहर थानाध्यक्ष अनुपम जायसवाल ने बताया कि जनेश्वर सेतु के समीप महिला का उतराया हुआ शव मंगलवार की दोपहर मिला था। जिसकी शिनाख्त उनके बेटे हर्षित दुबे ने इंदू दुबे के रूप में की। जबकि पिता को अधिवक्ता ओमप्रकाश दुबे नाम बताया। जिनकी तलाश जारी है। बताया कि माता-पिता दोनों रुद्राभिषेक के लिए गंगाजल भरने के लिए शहर कोतवाली के बिचला घाट चौकी अंतर्गत महावीर घाट गए हुए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *