मिठाई बनाने के बहाने हलवाई को बुलाकर चाकू से हमला, भतीजी गिरफ्तार

Spread the love

मिठाई बनाने के बहाने हलवाई को बुलाकर चाकू से हमला, भतीजी गिरफ्तार

रास्ते के विवाद में रची गई थी हत्या की साजिश, पुलिस ने मोबाइल बरामद कर खोला राज

बलिया। बांसडीह क्षेत्र के सेरिया मोड़ पर रविवार दोपहर मिठाई बनाने के बहाने बुलाकर हलवाई मुन्ना प्रसाद माली पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने के मामले का पुलिस ने मंगलवार को खुलासा कर दिया। पुलिस ने घटना की मुख्य साजिशकर्ता मुन्ना की भतीजी मीना को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
प्रभारी निरीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। मुन्ना के परिजनों से पूछताछ और सर्विलांस के जरिए जांच आगे बढ़ी। इस दौरान एक संदिग्ध मोबाइल नंबर से घटना की साजिश से जुड़े अहम सुराग मिले। जांच में सामने आया कि मुन्ना प्रसाद माली का रास्ते को लेकर अपने बड़े भाई स्व. दशरथ माली के परिवार से विवाद चल रहा था। दशरथ माली की बेटी पुष्पा की शादी गड़वार थाना क्षेत्र के सरया निवासी दिलीप सैनी से हुई है। दिलीप का छोटा भाई प्रदीप सैनी और पुष्पा की छोटी बहन मीना एक-दूसरे के संपर्क में थे। मीना से विवाद की बात सुनने के बाद प्रदीप सैनी ने अपने पड़ोसी एवं दोस्त मन्नू सैनी के माध्यम से गांव के ही कृष्ण कुमार चौहान उर्फ शेरू, सचिन चौहान और रितेश चौहान के साथ मिलकर मुन्ना को जान से मारने की साजिश रची। इसके बाद मिठाई बनाने के बहाने मुन्ना को सेरिया मोड़ पर बुलाकर उस पर चाकू से हमला किया गया। पुलिस ने बताया कि घटना के बाद मीना ने अपना मोबाइल प्लास्टिक में लपेटकर घर के ही एक बक्से में छिपा दिया था। जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है। पूछताछ में मीना ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए पुलिस को मोबाइल सौंपा। जांच में यह भी सामने आया कि वह घटना से पहले मुन्ना की गतिविधियों की पल-पल की जानकारी प्रदीप सैनी को दे रही थी। पुलिस ने मीना को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *