दूसरी सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ी बाबा के भक्तों की भीड़

Spread the love

दूसरी सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ी बाबा के भक्तों की भीड़

गंगाजल, दूध, बेलपत्र, भांग, धतूरा, भस्म, मिष्ठान, फूल-माला चढ़ाकर की परिवार के सुख समृद्धि की कामना

हर-हर महादेव और ऊं नमः शिवाय के जयकारों से मंदिर परिसर हुआ गुंजयमान

बलिया। नगर से लेकर ग्रामीणांचलों के प्रमुख शिवालयों में सावन माह के दूसरी सोमवारी पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। इस दौरान बाबा के भक्तों ने गंगाजल, दूध, बेलपत्र, भांग, धतूरा, भस्म, मिष्ठान, फूल-माला चढ़ाकर परिवार के सुख समृद्धि की कामना की। वहीं कुछ लोगों ने अपने- अपने घरों एवं शिवालियों में रुद्राभिषेक किया। हर-हर महादेव और ऊं नमः शिवाय के जयकारों से मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र गूंजता रहा।

नगर स्थित बाबा बालेश्वर नाथ मंदिर का पट चार बजे भोर से बाबा के भक्तों के लिए प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी खोल दिया गया था, जहां भक्तों ने कतारवध होकर बाबा को बेलपत्र, भांग, धतूरा, जल, दूध और फूल माला चढ़ाकर की पूजन अर्चन कर परिवार के मंगलमय की कामना की। इस दौरान मंदिर के बाहर महिला व पुरुष भक्तों का तांता लम्बा लगा रहा जो दोपहर दो बजे तक लगा रहा। उधर ग्रामीण क्षेत्र के कारो स्थित कामेश्वर नाथ महादेव मंदिर, बांसडीह क्षेत्र के असेगा स्थित शोकहरण नाथ शिव मंदिर, बाबा बालखण्डी नाथ, अवनिनाथ महादेव मंदिर, लखनेश्वरडीह स्थित महादेव मंदिर, छितौनी स्थित बाबा छितेश्वरनाथ शिव मंदिर, शोभनाथ धाम शिव मंदिर, रेवती के बुढ़वा शिव मंदिर और घोंघा स्थित सैदनाथ महादेव मंदिर में भी भोर से श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। मंदिरों के बाहर प्रसाद, फूल, बेलपत्र और पूजन सामग्री की दुकानें सजी रहीं। सुबह से ही इन दुकानों पर भी श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली। उधर बाबा धाम जाने वाले कांवरियो का जत्था बाबा बालेश्वर नाथ और बाबा भृगु नाथ का दर्शन करने बाद बाबा धाम के लिए पूरे दिन रवाना होता रहा। सुरक्षा के मद्देनजर बाबा बालेश्वर नाथ मंदिर में पुलिसकर्मियों के साथ ही खुफिया विभाग के लोग सादे वेश में चक्रमण करते नजर आए। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरे से भी निगहबानी की जा रही थी। भीड़ को देखते हुए यातायात रूट का डायवर्जन किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *