
बलिया पुलिस ने चौपाल लगाकर महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक
सुरक्षित बेटी, स्वावलंबी नारी—मिशन शक्ति की यही तैयारी, हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
बलिया। उत्तर प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के द्वितीय चरण के तहत बलिया पुलिस द्वारा महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस टीमों ने गांवों, कस्बों, मोहल्लों, शिक्षण संस्थानों और मंदिरों सहित विभिन्न स्थानों पर चौपाल एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं, बालिकाओं और छात्राओं को उनके अधिकारों तथा सुरक्षा संबंधी उपायों की जानकारी दी।
यह अभियान पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ला के पर्यवेक्षण में चलाया गया। जनपद के सभी थानों की पुलिस टीमों ने ग्रामीण क्षेत्रों में चौपाल लगाकर महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद किया तथा उनकी समस्याओं के त्वरित और विधिपूर्ण निस्तारण का भरोसा दिलाया।
अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को आत्मरक्षा के उपाय, गुड टच-बैड टच की पहचान, महिला अधिकारों और महिला अपराधों से बचाव के बारे में जागरूक किया गया। पुलिस ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों, रास्तों या बसों में छेड़खानी अथवा उत्पीड़न की घटना होने पर महिलाएं और बालिकाएं भयभीत न हों और तत्काल पुलिस की मदद लें। पुलिस टीमों ने सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल को लेकर भी जागरूक किया। व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर निजी जानकारी साझा न करने तथा साइबर अपराध से बचने के लिए सावधानी बरतने की अपील की गई। साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए स्वयं नियमों का पालन करने और परिवार के अन्य सदस्यों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
इन हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
जागरूकता कार्यक्रमों में महिलाओं एवं बालिकाओं को विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। इनमें 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1090 वीमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 102 गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं के लिए एंबुलेंस सेवा, 108 एंबुलेंस सेवा, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 101 अग्निशमन सेवा तथा 1930 साइबर हेल्पलाइन शामिल हैं।