राशन वितरण में अनियमितता पर कोटेदार की दुकान निलंबित

Spread the love

राशन वितरण में अनियमितता पर कोटेदार की दुकान निलंबित
बलिया। राशन वितरण में अनियमितता और कार्डधारकों को निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न नहीं देने की शिकायत जांच में सही पाए जाने पर सहतवार नगर पंचायत के वार्ड नंबर-5 की उचित दर विक्रेता गीता देवी की सरकारी राशन की दुकान निलंबित कर दी गई है। जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद जिला पूर्ति अधिकारी ने निलंबन का आदेश जारी किया है। साथ ही दुकान से संबद्ध कार्डधारकों को दूसरी उचित दर दुकान से संबद्ध करने के निर्देश दिए गए हैं।
सहतवार के वार्ड नंबर-5 के सभासद रंजीत कुमार वर्मा और वार्ड नंबर-11 की सभासद कविता वर्मा ने चार जून 2026 को शिकायत की थी। आरोप था कि कोटेदार कई महीनों से कार्डधारकों को नियमित रूप से राशन नहीं दे रही हैं। ई-पॉस मशीन में अंगूठा लगवाने के बाद खाद्यान्न नहीं आने की बात कहकर राशन देने से इनकार करने और दुकान पर मनमानी व कालाबाजारी के आरोप भी लगाए गए थे।
शिकायत के आधार पर खाद्य अधिकारी, बांसडीह ने 12 जून को दुकान का स्थलीय निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई अनियमितताएं सामने आईं। वितरण दिवस पर दुकान बिना सूचना के बंद मिली। दुकान पर आवश्यक सूचनाओं वाला साइन बोर्ड, रेट एवं स्टॉक बोर्ड, सतर्कता समिति के सदस्यों के नाम, अंत्योदय राशन कार्डों की सूची और टोल-फ्री नंबर भी प्रदर्शित नहीं था।
जांच के दौरान स्टॉक एवं बिक्री रजिस्टर भी प्रस्तुत नहीं किया गया और जांच में अपेक्षित सहयोग नहीं किए जाने की बात सामने आई। इसके अलावा कार्डधारकों को नियमित रूप से खाद्यान्न नहीं देने तथा ई-पॉस मशीन में अंगूठा लगवाने के बाद भी राशन से वंचित रखने संबंधी शिकायतें भी सही पाई गईं।
जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करते हुए जिला पूर्ति अधिकारी ने गीता देवी की उचित दर दुकान को निलंबित कर दिया। संबंधित कार्डधारकों को परेशानी से बचाने के लिए उन्हें दूसरी उचित दर दुकान से संबद्ध करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *