
*विनोद राय हत्याकांड में शामिल कुछ लोग चोला बदल के बहा रहे घड़ियाली आंसू : उपेंद्र*
*बोले मंत्री: 12 अगस्त 2016 की वो काली रात नहीं भूल सकता, पुलिस ने किया था तांडव*
*12 अगस्त को निकलेगी तिरंगा यात्रा व आयोजित होगी विनोद राय की श्रद्धांजलि सभा*
*अब दो नहीं, पांच बेटियां है मेरी, पिता का निभाऊंगा फर्ज*
बलिया। समाजवादी पार्टी की सरकार में मेरे एवं मेरे कार्यकर्ताओं के ऊपर कई बार जानलेवा हमला हुआ। इसी क्रम में 12 अगस्त 2016 को नरही थाने पर धरना के वक्त रात में मेरे ऊपर गोली चलवाई गई। जिसमें विनोद राय पुलिस की गोली लगने के कारण शहीद हो गए थे। इसके अलावा कई कार्यकर्ता घायल हो गए थे। उन हमला कराने वालों को तो जनता ने पैदल उसी समय कर दिया था। कुछ अधिकारियों पर भी कार्यवाही उस समय हुई थी। लेकिन विनोद राय के हत्यारे अभी घूम रहे हैं, उन्हें एवं उनके मददगारों को हम नहीं बचने देंगे। यह बाते भाजपा के पूर्व मंत्री उपेंद्र तिवारी ने रविवार को अपने आवास टैगोर नगर पर पत्रकारों के समक्ष आगामी 12 अगस्त को नरही खेल मैदान आयोजित होने वाली तिरंगा यात्रा और शहीद विनोद राय की 10 पुण्य तिथि पर श्रद्धाजलि सभा के बारे जानकारी देने के दौरान कही।
कहा कि मैं 12 अगस्त 2016 की वो काली रात नहीं भूल सकता। जिसमें पुलिस प्रशासन ने किसी अन्य के निर्देश पर तांडव किया था , उन निर्देश देने वालों को मैं नहीं छोड़ूंगा। उन्होंने नरही गोलीकांड को जालिया वाला कांड से तुलना करते हुए कहा कि विनोद राय की हत्या का पाप उन्हें मिट्टी में मिला देगा। कहा कि कुछ लोग चोला बदल के घड़ियाली आंसू बहाते हैं जो उस हत्या में पूर्ण रूप से भागीदार हैं उनको जनता अपने नजरों से उतार चुकी हैं। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए कहा कि जब नपा के पूर्व चेयरमैन लक्ष्मण गुप्ता के साथ निजी स्वार्थ में मारपीट हुई तो किसी भी सपाई ने साथ दिया था। उसमें भी मैंने न्याय दिलाने के लिए पूरा सहयोग किया था। अंत में सपा के शीर्ष नेतृत्व ने उन लोगों को मंत्री मंडल से बर्खास्त कर दिया था।
श्री तिवारी ने कहा कि फेफना विस में पिछले 26 वर्षों से सेवक के रूप में सेवा कर रहा हूं और हर जुल्म एवं अत्याचार के खिलाफ बिना भेद भाव एवं जाति-पाति के खड़ा रहता हूं। जनता ने सेवा करने का मौका दिया तो क्षेत्र का ऐतिहासिक विकास किया। मेरे कर्तव्य में पद कोई बड़ा नहीं, सेवा भावना से सेवक के रूप में आया था आज भी लगा हूं। कहा कि विनोद राय की शहादत का ऋणी हूं , उनका परिवार मेरा परिवार हैं। मेरी दो और उनकी तीन अब मेरी 5 बेटियां हैं। उस दायित्व के निर्वहन का पूरा प्रयास करता हूं। कहा कि विनोद राय के हत्यारे एवं साजिशकर्ताओं की किसी भी कीमत पर बचने नहीं दूंगा , उनको कड़ी सजा मिलेगी। मुझे न्यायालय पर पूरा भरोसा हैं। कहा कि प्रत्येक वर्ष की भांति कार्यक्रम भव्य तरीके से मनाया जाएगा। जिसमें प्रदेश सरकार के कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान, आयुष मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री डॉ दयाशंकर मिश्र दयालु ,पूर्व मंत्री सुरेश राणा, अनुसूचित मोर्चा, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद डॉ भोला सिंह, पूर्व मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला, पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह, विधायक केतकी सिंह, पूर्व विधायक धनंजय कन्नौजिया सहित दर्जनों जनप्रतिनिधि सम्मिलित होंगे। प्रेस वार्ता में जिला उपाध्यक्ष प्रदीप सिंह , जिला मंत्री भरत राय , पूर्व जिला उपाध्यक्ष अंजनी राय सम्मिलित रहे ।