
श्रवण कुमार पांडेय
बाइक सवार युवकों ने चाकू मारकर हलुवाई को किया घायल, जांच में जुटी पुलिस
बलिया। बांसडीह क्षेत्र के छोटकी सेरिया गांव के पास रविवार को दिन में कस्बा के वार्ड नम्बर पांच निवासी एक हलुवाई को बाइक सवार तीन युवकों ने सीरिया बघाव मोड़ के पास चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल को ग्रामीणों ने इलाज के लिए पीएचसी बांसडीह ले गये, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार बांसडीह कस्बा के वार्ड नंबर पांच निवासी मुन्ना प्रसाद माली 35 वर्ष को शुक्रवार की सायं तीन युवकों ने उसके घर जाकर 1500 रूपया में मिठाई बनाने के लिए तय किया तथा सौ रुपया एडवांस देकर रविवार को दोपहर सेरिया गांव बुलाया था। रविवार को दिन में दो बजे मुन्ना कस्बा निवासी सत्येंद्र तुरहा के साथ साइकिल से मिठाई बनाने के लिए सेरिया, बघांव मोड़ पहुंचा। हमलावरों ने उन्हें स्थान बताने के बजाय एक मोबाइल नंबर दिया था कि सेरिया पहुंच कर फोन करना। मौके पर पहुंचने के बाद मुन्ना ने दिए गए नंबर पर फोन कर पूछा कि वह सेरिया मोड़ के पास पहुंच गया हैं, मिठाई बनाने के लिए कहां आना है। मोबाइल पर दूसरी तरफ से कहा गया कि वहीं रुकिए, हम लोग 10 मिनट में पहुंच रहे हैं। कुछ देर बाद एक बाइक पर तीन युवक मौके पर पहुंचे तथा दो युवक नीचे उतरकर बिना किसी बातचीत के मुन्ना पर हमला कर दिया। मुन्ना नीचे गिर गया तथा दोनों युवकों ने मुन्ना के पीठ और पैर पर पीछे से लगातार चाकू मारकर घायल कर दिया। हमला में मुन्ना गंभीर रूप से घायल हो गया। पीछे से आ रहा मुन्ना का सहयोगी सत्येंद्र तुरहा ने शोर मचाया तब तक हमलावर युवक बाइक से फरार हो गये। घटना के बाद मुन्ना का मोबाइल भी हमलावर अपने साथ लेकर चले गये। ग्रामीणों ने घायल मुन्ना को ई-रिक्शा से बांसडीह पहुंचाया। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है। हमलावरों की पहचान और हमले के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा सत्येन्द्र से भी घटना की जानकारी लिया।