सज धज के दूसरी शादी के लिए निकले दूल्हे को पहली पत्नी ने पकड़ा, सड़क पर चला हाई वोल्टेज ड्रामा

Spread the love

सज धज के दूसरी शादी के लिए निकले दूल्हे को पहली पत्नी ने पकड़ा, सड़क पर चला हाई वोल्टेज ड्रामा

बरात निकलते ही पहली पत्नी को मिली जानकारी

दूल्हे को रास्ते में रोककर की पिटाई, कोर्ट में मामला है विचाराधीन

बलिया। खबर उप्र के बलिया से है जहां रविवार को दूसरी शादी के लिए बरात लेकर जा रहे एक दूल्हे को उसकी पहली पत्नी ने रास्ते में रोक लिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर विवाद हुआ। पहली पत्नी ने दूल्हे पर धोखे से दूसरी शादी करने का आरोप लगाते हुए बीच सड़क उसकी पिटाई कर दी। घटना के दौरान काफी देर तक हंगामा होता रहा। मामला सिकंदरपुर कस्बे के जलपा- कलपा चौक का है।

मिली जानकारी के अनुसार वाराणसी के छितूपुर महमूरगंज गांव निवासी मजहरुल हक रविवार को दूसरी शादी के लिए बरात लेकर सिकंदरपुर कस्बा स्थित मैनापुर जा रहा था। इसी दौरान उसकी पहली पत्नी अतुफा खातून को पति की दूसरी शादी के लिए बरात लेकर जाने की जानकारी मिली। इसके बाद वह अपने स्वजनों के साथ जलपा- कलपा चौक पहुंच गई और दूल्हे को रास्ते में रोक लिया। चौक पर पहली पत्नी और दूल्हे के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला बढ़ गया। आरोप है कि पहली पत्नी ने दूल्हे पर दूसरी शादी करने का आरोप लगाते हुए थप्पड़ों से उसकी पिटाई शुरू कर दी। इस दौरान दूल्हे के स्वजन और पहली पत्नी साथ आए लोगों के बीच भी नोकझोंक धक्का-मुक्की हुई। सड़क पर हंगामा बढ़ने के कारण आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए। घटना की सूचना मिलते ही कस्बा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। काफी देर तक चले विवाद के बाद सड़क पर स्थिति सामान्य हुई। पहली पत्नी अतुफा खातून, निवासी बहेरी, बलिया ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

पहली पत्नी ने लगाया गंभीर आरोप

पहली पत्नी का आरोप है कि दोनों के बीच बलिया न्यायालय में मुकदमा विचाराधीन है। इसके बावजूद पति दूसरी शादी करने के लिए बरात लेकर जा रहा था। इसी बात का विरोध करते हुए उसने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। वहीं, दूल्हे का कहना है कि पहली पत्नी से उसका विवाद चल रहा था और इसी वजह से उसने दूसरी शादी करने का फैसला लिया।

पुलिस कर रही मामले की जांच

पुलिस ने दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद बरात आगे रवाना हो गई। बाद में विवाह संपन्न होने की जानकारी भी सामने आई। फिलहाल पुलिस तहरीर और उपलब्ध तथ आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *