
दहताल में नाव पलटने से युवक की डूबकर मौत, मछली पकड़ने गया था रामप्रवेश
बलिया। बांसडीह क्षेत्र के हालपुर गांव के सामने स्थित दहताल में मंगलवार को मछली पकड़ने के दौरान डेंगी (छोटी नाव) पलट जाने से एक युवक की डूबकर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, हालपुर निवासी 30 वर्षीय रामप्रवेश साहनी मंगलवार दोपहर डेंगी नाव से दहताल में मछली पकड़ने गए थे। इसी दौरान पानी में अत्यधिक शेवार (जलीय घास) के बीच नाव का संतुलन बिगड़ गया और डेंगी पलट गई। इससे रामप्रवेश गहरे पानी में डूब गए।
घटना को दूर से देख रहे अन्य मछुआरों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उनकी तलाश शुरू की। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने रामप्रवेश को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलने पर विधायक प्रतिनिधि विश्राम सिंह, नायब तहसीलदार भोला राय तथा कोतवाल राकेश मौके पर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में मातम का माहौल है।