गड़वार-सुखपुरा व फेफना-गड़वार मार्ग बदहाल, हादसों का बढ़ा खतरा

Spread the love

अमित पाण्डेय पप्पू

गड़वार-सुखपुरा व फेफना-गड़वार मार्ग बदहाल, हादसों का बढ़ा खतरा
ग्रामीणों ने खतरनाक गड्ढों पर लगाए लाल झंडे, जल्द मरम्मत की मांग


गड़वार। गड़वार-सुखपुरा तथा फेफना-गड़वार मुख्य मार्ग की बदहाल स्थिति राहगीरों के लिए मुसीबत बन गई है। सड़क पर जगह-जगह बने बड़े-बड़े गड्ढों के कारण आए दिन बाइक व साइकिल सवार दुर्घटनाग्रस्त होकर घायल हो रहे हैं। ग्रामीणों ने समय रहते मरम्मत नहीं होने पर किसी बड़े हादसे की आशंका जताई है।
जानकारी के अनुसार, पिछले वर्ष ही इस दो लेन मार्ग का नवीनीकरण कराया गया था, लेकिन भारी वाहनों की लगातार आवाजाही के चलते सड़क कई स्थानों पर फिर से उखड़ गई है। कई जगह गड्ढे इतने गहरे हो गए हैं कि वाहन चालकों का सुरक्षित गुजरना मुश्किल हो गया है।
खरहाटार गांव के ग्रामीणों ने प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई न होने पर स्वयं टूटे हिस्सों में ईंट के टुकड़े डालकर रास्ता समतल करने का प्रयास किया। वहीं, अत्यधिक क्षतिग्रस्त स्थानों पर दुर्घटना से बचाव के लिए लाल झंडे भी लगा दिए हैं, ताकि वाहन चालक सतर्क रह सकें। यह मार्ग गड़वार से सुखपुरा, बेरुआरबारी और रेवती होते हुए मांझी पुल तक जाता है। वहीं फेफना-गड़वार मार्ग गोरखपुर, बिहार और नेपाल की ओर जाने वाले भारी वाहनों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। सड़क की खराब स्थिति से स्थानीय लोगों के साथ-साथ लंबी दूरी के यात्रियों और मालवाहक वाहनों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से शीघ्र सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। इस संबंध में निर्माण खंड के अधिशासी अभियंता केसरी प्रकाश ने बताया कि फेफना से बांसडीह कचहरी तक बलिया बाईपास मार्ग के नवीनीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। शासन से स्वीकृति मिलते ही सड़क को गड्ढामुक्त कराने का कार्य शुरू कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *