शराब की दुकान हटाने को लेकर ग्रामीणों ने डीएम कार्यालय पर किया प्रदर्शन, नगर मजिस्ट्रेट को सौंपा ज्ञापन
मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की ग्रामीणों ने दी चेतावनी
बलिया। मनियर मुख्य मार्ग स्थित घोंघा चट्टी पर हनुमानगंज मंदिर के बगल में संचालित सरकारी देशी शराब की दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित किए जाने की मांग को लेकर क्षेत्रवासियों ने सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। तत्पश्चात नगर मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा को ज्ञापन सौंपा।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि संबंधित देशी शराब की दुकान मुख्य मार्ग पर स्थित है। जिसके आसपास प्राचीन शिव मंदिर, महाविद्यालय, ब्रह्म आश्रम तथा मुख्य बाजार है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु, छात्र-छात्राएं, महिलाएं और आम नागरिक यहां से आवागमन करते हैं।आरोप लगाया गया है कि शराब की दुकान के कारण क्षेत्र में असामाजिक तत्वों और शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है। इससे मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं, कॉलेज जाने वाली छात्राओं तथा बाजार आने-जाने वाले लोगों को अभद्र व्यवहार, गाली- गलौज और शोर-शराबे जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इससे क्षेत्र का धार्मिक एवं शांतिपूर्ण वातावरण प्रभावित हो रहा है तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी लोगों में चिंता व्याप्त है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन का ध्यान आकृष्ट करते हुए कहा कि आबकारी नियमों के अनुसार धार्मिक एवं शैक्षणिक संस्थानों के निकट शराब की दुकान का संचालन उचित नहीं माना जाता। उन्होंने मांग की कि जनभावनाओं और कानून व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए दुकान को तत्काल किसी उपयुक्त स्थान अथवा निर्धारित आवंटित स्थल पर स्थानांतरित कराया जाए।
क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।