
ऐतिहासिक बापू भवन टाउन हॉल के सुंदरीकरण की मांग, नगर मजिस्ट्रेट को सौंपा ज्ञापन
बलिया। ऐतिहासिक धरोहर बापू भवन टाउन हॉल के सुंदरीकरण एवं नियमित रखरखाव की मांग को लेकर सेनानी उत्तराधिकारी संगठन के प्रतिनिधियों ने सोमवार को नगर मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि 16 अगस्त तक टाउन हॉल परिसर का सुंदरीकरण नहीं कराया गया तो 17 अगस्त से आंदोलन शुरू किया जाएगा।
ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने कहा कि बलिया का नाम भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है। वर्ष 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान चित्तू पांडेय के नेतृत्व में बलिया ने अंग्रेजी शासन को चुनौती देकर स्वतंत्र प्रशासन की स्थापना की थी। इसी ऐतिहासिक विरासत की स्मृति में हर वर्ष स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान में निकलने वाले जुलूस और कार्यक्रमों का समापन टाउन हॉल स्थित बापू भवन में होता है।
संगठन के उमाशंकर पाठक ने कहा कि बापू भवन केवल ईंट-पत्थरों का ढांचा नहीं, बल्कि बलिया की लोकतांत्रिक चेतना, सामाजिक एकता और ऐतिहासिक गौरव का जीवंत प्रतीक है। इसलिए इस ऐतिहासिक धरोहर का संरक्षण, सुंदरीकरण और नियमित रखरखाव कराया जाना आवश्यक है।
सेनानी उत्तराधिकारी संगठन के सदस्य जैनेन्द्र पांडेय ‘मिंटू’ और सागर सिंह ‘राहुल’ ने कहा कि यदि 16 अगस्त तक टाउन हॉल परिसर का सुंदरीकरण नहीं कराया गया तो संगठन के सदस्य 17 अगस्त से धरने पर बैठने को बाध्य होंगे। उन्होंने प्रशासन से समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर ऐतिहासिक धरोहर की गरिमा बनाए रखने की मांग की।