
बलिया में लाठी से पीटकर अधेड़ की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
बलिया। दुबहड़ थाना क्षेत्र के हरलाल छपरा (नगवा) गांव में पुरानी पट्टीदारी के विवाद में लाठी से किए गए हमले में एक अधेड़ की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के पुत्र की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर नामजद आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार, 2 अगस्त 2026 की रात करीब 8 बजे हरलाल छपरा निवासी राजदेव पाठक (58) पुत्र स्वर्गीय राम कवल पाठक अपने पड़ोसी काशी यादव के दरवाजे पर बैठे थे। इसी दौरान उनके पट्टीदार एवं पड़ोसी उत्कर्ष पाठक पुत्र हरिहर पाठक पुरानी रंजिश को लेकर विवाद करने लगे। आरोप है कि विवाद के दौरान उत्कर्ष पाठक ने लाठी से हमला कर दिया, जिससे राजदेव पाठक गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजनों ने उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना पर पुलिस ने मृतक के पुत्र की तहरीर के आधार पर दुबहड़ थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर नामित आरोपी को पुलिस हिरासत में ले लिया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) संजय वर्मा ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है तथा अन्य आवश्यक जांच जारी है।