
श्रावण मास को लेकर एसपी ने शहर में किया फ्लैग मार्च
बलिया। आगामी श्रावण मास, कांवड़ यात्रा और कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने रविवार को पुलिस बल के साथ शहर कोतवाली क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पैदल गश्त के दौरान पुलिस टीम ने मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों, प्रमुख बाजारों, चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों का भ्रमण किया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और वस्तुओं की सघन चेकिंग की गई। पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों एवं आम नागरिकों से संवाद कर शांति, सौहार्द और आपसी सहयोग बनाए रखने की अपील की। जनपद में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अफवाह या समस्या की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को देने की अपील की, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। गश्त के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) संजय वर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट, क्षेत्राधिकारी नगर सतीश कुमार शर्मा, क्षेत्राधिकारी लाइन मंजरी राव, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली प्रवीण कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक के पीआरओ उपनिरीक्षक कौशल कुमार पाठक सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। इस बाबत एसपी ओमवीर सिंह ने बताया कि श्रावण मास और आगामी त्योहारों के मद्देनजर सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित पैदल गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।