भारी पुलिस बल के बीच खुली नवसृजित देशी शराब की दुकान, प्रशासन ने शुरू कराया संचालन
बलिया। पिछले एक महीने से विवाद और विरोध का केंद्र बनी नवसृजित देशी शराब की दुकान का संचालन बुधवार को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में शुरू करा दिया गया। शासन के निर्देश पर राजस्व, पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने सुरक्षा व्यवस्था के बीच दुकान खुलवाई। इस दौरान क्षेत्र में शांति बनी रही और किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई।
बुधवार सुबह से ही घोघा चट्टी क्षेत्र में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की चहल-पहल बढ़ गई थी। संभावित विरोध को देखते हुए मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के चलते ग्रामीणों की ओर से कोई विरोध प्रदर्शन नहीं हुआ।
दुकान का संचालन शुरू कराने के दौरान एसडीएम पुष्कर मिश्रा, क्षेत्राधिकारी जयशंकर मिश्र, प्रभारी निरीक्षक अजय पाल, मनियर थानाध्यक्ष अजय तिवारी, आबकारी निरीक्षक बिमलेश यादव सहित पुलिस, राजस्व एवं आबकारी विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के साथ कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले मंगलपुरा और डुहीमुशी में ग्रामीणों के विरोध के कारण शराब की दुकान शुरू नहीं हो सकी थी। बाद में आबकारी विभाग ने दुकान को देवरार नाम से घोघा चट्टी स्थानांतरित किया, लेकिन वहां भी बीते शनिवार को सैकड़ों महिलाओं ने विरोध प्रदर्शन किया था। इसके बाद प्रशासन ने दुकान को अस्थायी रूप से बंद करा दिया था। मंगलवार को देवरार पंचायत भवन में प्रशासन और ग्रामीणों के बीच हुई वार्ता भी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सकी। एसडीएम पुष्कर मिश्रा ने बताया कि दुकान का आवंटन शासन और आबकारी विभाग की निर्धारित प्रक्रिया के तहत किया गया है। प्रशासन का दायित्व शासन के आदेशों का पालन कराना है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की आपत्तियों से उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है, लेकिन कानून-व्यवस्था बनाए रखना भी प्रशासन की जिम्मेदारी है। क्षेत्राधिकारी जयशंकर मिश्र ने कहा कि क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने बताया कि पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के बीच दुकान का संचालन शुरू करा दिया गया है और स्थिति पूरी तरह सामान्य एवं नियंत्रण में है।