छत से गिरकर मजदूर की दर्दनाक मौत, पेशाब करने के वक्त हुई घटना

Spread the love

अमित पाण्डेय पप्पू

छत से गिरकर मजदूर की दर्दनाक मौत, पेशाब करने के वक्त हुई घटना


गड़वार (बलिया)। गड़वार थाना क्षेत्र के सिहांचवर कला के बाड़ीगढ़ गांव में सोमवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में 50 वर्षीय मजदूर की छत से गिरकर मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार बाड़ीगढ़ निवासी वीरेंद्र राजभर (50) सोमवार शाम रोज की तरह काम से घर लौटे थे। भीषण गर्मी के कारण वह रात में घर की छत पर सो रहे थे। देर रात करीब 11 बजे वह पेशाब करने के लिए उठे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह छत से नीचे जा गिरे। गिरने से उनके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी रेफर कर दिया। परिजन उन्हें वाराणसी ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
बताया जाता है कि वीरेंद्र राजभर आरा मशीन पर लकड़ी का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार में पत्नी और दो बेटे हैं। बड़ा बेटा राजू राजभर पुणे में रहकर काम करता है। पिता की मौत की सूचना मिलते ही वह पुणे से अपने गांव के लिए रवाना हो गया। मंगलवार सुबह जैसे ही घटना की खबर गांव में फैली, लोगों की भीड़ उनके घर पर जुट गई। हर किसी की आंखें नम थीं और परिजन का रो-रोकर बुरा हाल था। गांव के लोगों ने इसे बेहद दुखद और हृदयविदारक हादसा बताते हुए शोक संवेदना व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *