तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से पंचायत सहायक घायल, बाइक सवार फरार

Spread the love

अमित कुमार पाण्डेय

तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से पंचायत सहायक घायल, बाइक सवार फरार
पेट्रोल पंप से निकलते ही हुआ हादसा, स्कूटी क्षतिग्रस्त


गड़वार (बलिया)। गड़वार-बलिया मार्ग पर मंगलवार को तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रही बाइक ने स्कूटी सवार पंचायत सहायक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पंचायत सहायक गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि बाइक सवार मौके से फरार हो गया। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और घायल को तत्काल निजी चिकित्सालय पहुंचाकर उपचार कराया गया।
जानकारी के अनुसार, गड़वार विकास खंड के चांदपुर ग्राम पंचायत में तैनात पंचायत सहायक ज्योति प्रतिदिन की तरह मंगलवार सुबह अपने घर से पंचायत भवन ड्यूटी के लिए स्कूटी से निकली थीं। रास्ते में मिड्ढा स्थित एक पेट्रोल पंप पर स्कूटी में पेट्रोल भरवाने के बाद जैसे ही वह मुख्य सड़क पर पहुंचीं, तभी बलिया की ओर से तेज गति से आ रही एक बाइक ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ज्योति सड़क पर गिरकर घायल हो गईं और उनकी स्कूटी भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद बाइक सवार बिना रुके मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल पंचायत सहायक को तत्काल उपचार के लिए एक निजी चिकित्सालय पहुंचाया। स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने तथा फरार बाइक सवार की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *