
बलिया में चले दो दिवसीय यातायात अभियान में पुलिस ने 1274 वाहनों का किया चालान, आठ सीज व 19,43,400 रुपये वसूला जुर्माना
बलिया। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देश पर यातायात पुलिस और जनपदीय पुलिस ने दो दिवसीय विशेष अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान 1274 वाहनों का चालान चालान किया। जबकि आठ वाहनों को सीज किया गया। वही 19,43,400 रुपये का जुर्माना लगाया गया। कार्रवाई के दौरान ड्रंक एंड ड्राइव, अवैध प्रेशर हॉर्न, अनधिकृत हूटर, मॉडिफाइड साइलेंसर, बिना वैध अभिलेखों वाले वाहन तथा नंबर प्लेट पर जातिसूचक एवं भड़काऊ शब्द लिखे वाहनों पर विशेष निगरानी रखी गई।
पुलिस के अनुसार बिना हेलमेट वाहन चलाने पर 793, ट्रिपल राइडिंग पर 109, नंबर प्लेट पर आपत्तिजनक शब्द लिखने पर 39, मॉडिफाइड साइलेंसर पर 9 और ड्रंक ड्राइविंग में 7 वाहनों का चालान किया गया। वहीं, बिना वैध अभिलेखों के 8 वाहनों को सीज किया गया।
अभियान के दौरान जब्त किए गए मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न और अवैध हूटर को नष्ट भी किया गया। प्रभारी यातायात अनवर अली खान ने बताया कि ऐसे उपकरणों का प्रयोग दंडनीय है और भविष्य में भी इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इसके साथ ही पुलिस ने हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, ट्रिपल राइडिंग से बचने तथा यातायात नियमों का पालन करने के लिए वाहन चालकों को जागरूक भी किया। पुलिस ने लोगों से सुरक्षित वाहन चलाने और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की।