
अमित कुमार पाण्डेय
दो वांछित आरोपी गिरफ्तार; घटना में प्रयुक्त डंडा बरामद
गड़वार। जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत गड़वार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्या के प्रयास के मामले में वांछित चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त डंडा भी बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों को आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) संजय वर्मा के निकट पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर सतीश शर्मा एवं थानाध्यक्ष हितेश कुमार के नेतृत्व में गड़वार थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, थाना गड़वार पर दर्ज मुकदमा संख्या 196/2026 (धारा 109(1), 110, 115(2), 352 बीएनएस) में वांछित राजन गुप्ता (30 वर्ष) एवं राहुल गुप्ता (28 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम खड़ीचा, थाना गड़वार, को सोमवार को मुखबिर की सूचना पर उनके घर से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक डंडा भी बरामद किया गया।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया गया है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक उदय प्रताप सिंह, हेड कांस्टेबल जिलाजीत सरोज, कांस्टेबल जितेंद्र यादव तथा कांस्टेबल अजीत यादव शामिल रहे।