जेएनसीयू में ‘नशा मुक्त युवा एवं विकसित भारत’ विषय पर काव्य पाठ प्रतियोगिता आयोजित

Spread the love

जेएनसीयू में ‘नशा मुक्त युवा एवं विकसित भारत’ विषय पर काव्य पाठ प्रतियोगिता आयोजित

बलिया। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय में शासन के निर्देश तथा कुलपति प्रो. नरेंद्र कुमार शुक्ल के निर्देशन एवं संरक्षण में चल रहे “नशा मुक्त युवा एवं विकसित भारत” अभियान के तहत सोमवार को माधव शैक्षणिक भवन में काव्य पाठ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ।

प्रतियोगिता का विषय “नशा मुक्ति” एवं “विकसित भारत” रखा गया था, जिसमें विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने स्वरचित तथा प्रसिद्ध कवियों की रचनाओं के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों और युवा शक्ति की भूमिका पर प्रभावशाली प्रस्तुति दी। मुख्य वक्ता डॉ. विजय शंकर पांडेय (सहायक आचार्य, वाणिज्य विभाग) ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की रीढ़ होते हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. प्रेमभूषण यादव ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए ऐसे आयोजनों को सामाजिक जागरूकता का प्रभावी माध्यम बताया। कार्यक्रम के संयोजक डॉ. अभिषेक मिश्र (हिंदी विभाग) तथा सह-संयोजक सुश्री प्रीति ओझा (वाणिज्य विभाग) ने विद्यार्थियों को भविष्य में भी ऐसे रचनात्मक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. शैलेंद्र सिंह (मध्यकालीन एवं आधुनिक इतिहास विभाग) ने किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां युवाओं में सकारात्मक सोच और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करती हैं। अंत में सुश्री प्रीति ओझा ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर डॉ. नीरज कुमार सिंह सहित विश्वविद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र- छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *