
ददरी मेले में पहुंचा एक करोड़ का ‘देवा’ घोड़ा, खास खुराक में रोज पीता है 24 लीटर कच्चा दूध
देवा’ घोड़ा बना आकर्षक का केंद्र, बुलेट, राजा व बादल करेंगे हवा से बात



श्रवण कुमार पांडेय
बलिया। ददरी मेले के नंदी बाजार में इस बार घोड़ों की खूबसूरती और शान लोगों को खूब आकर्षित कर रही है। यहां एक ऐसा सफेद घोड़ा भी पहुंचा है, जिसकी कीमत सुनकर लोग हैरान रह जा रहे हैं। नाम है ‘देवा’ और इसकी कीमत एक करोड़ रुपये लग चुकी है। इसकी कद-काठी, आकर्षक रंग और शाही अंदाज देखने के लिए मेले में लोगों की भीड़ जुट रही है।





धरहरा स्थित सेंट जेवियर्स के निदेशक अभिनव तिवारी के शिविर में पहुंचे देवा की खासियत भी कुछ कम नहीं है। गुलाबी नोकड़ा रंग वाले इस घोड़े की उम्र चार साल है। अभिनव तिवारी बताते हैं कि उन्होंने इसे चार साल पहले गुजरात से खरीदा था। उस समय इसकी उम्र महज तीन महीने थी। आज यह परिवार के सदस्य और घर के बच्चे की तरह है। इसकी देखभाल में कोई कमी नहीं रखी जाती। सुबह और शाम इसे 12-12 लीटर कच्चा दूध पिलाया जाता है। इसके लिए अलग से दो गायें रखी गई हैं। साथ ही गुजरात से इसकी विशेष डाइट भी मंगाई जाती है।देवा की एक और अनोखी खूबी है। सामान्य रोशनी में सफेद दिखने वाला इसका शरीर सूर्य की किरणें पड़ते ही गुलाबी आभा बिखेरने लगता है। अभिनव तिवारी के मुताबिक, हाल ही में पुष्कर मेले में भी देवा पहुंचा था, जहां एक व्यापारी ने इसकी कीमत एक करोड़ रुपये लगाई थी, लेकिन उन्होंने इसे बेचने से इनकार कर दिया। देवा जहां अपनी खूबसूरती से मेले की रौनक बढ़ा रहा है, वहीं इसी शिविर के तीन अन्य घोड़े बुलेट, राजा और बादल चेतक प्रतियोगिता में अपनी रफ्तार और दमखम दिखाने को तैयार हैं। ऐसे में नंदी बाजार में देवा की शाही चाल के साथ बुलेट, राजा और बादल की रफ्तार भी मेले के घोड़ा प्रेमियों के आकर्षण का बड़ा केंद्र बनी हुई है।