
बलिया नंदीग्राम मेले में पहुंची 5.55 लाख की मुर्रा भैंस
भैंस पर टिकी पशु प्रेमियों की नजर, 22 लीटर दूध देती है ‘कट्टप्पा’ की मां
सुधा दूध द्वारा पशुपालक को मिल चुका है दूध के लिए प्रथम पुरस्कार
श्रवण कुमार पांडेय




बलिया। ददरी मेले के नंदीग्राम में हरियाणा की मुर्रा नस्ल की भैंस इन दिनों पशु प्रेमियों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। श्रीरामपुर सवरू बांध निवासी पशुपालक दयाशंकर यादव की भैंस अपनी नस्ल, दूध उत्पादन क्षमता और कीमत को लेकर मेले में आकर्षण का केंद्र बनी है। पशुपालक ने इसकी कीमत 5.55 लाख रुपये रखी है।




दयाशंकर यादव के मुताबिक, उनकी भैंस दोनों समय मिलाकर करीब 22 लीटर दूध देती है। दूध उत्पादन के लिए सुधा दूध की ओर से 17.250 लीटर दूध देने पर उन्हें प्रथम पुरस्कार भी मिल चुका है। यही वजह है कि मेले में भैंस को देखने के लिए पशु प्रेमियों की उत्सुकता बनी हुई है। पशुपालक का कहना है कि यदि भैंस की तय कीमत 5.55 लाख रुपये मिलती है तो वह इसे बेच देंगे, अन्यथा घर ले जाएंगे। भैंस दूसरी बार गर्भवती है। इसके पहले जन्मे पड़वा का नाम उन्होंने कट्टप्पा रखा है। मुर्रा नस्ल की इस भैंस की दूध देने की क्षमता और कीमत ने नंदीग्राम पशु बाजार में इसे खास पहचान दिलाई है।