
जेएनसीयू में अष्टम दीक्षांत समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में, आज होगा भूमि पूजन व पूर्वाभ्यास
बलिया। जननायक चन्द्रशेखर विश्वविद्यालय का अष्टम दीक्षांत समारोह 29 जुलाई 2026 को आयोजित होगा। समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। विश्वविद्यालय परिसर में दीक्षांत मंडप के लिए पंडाल का निर्माण पूरा कर लिया गया है तथा विद्यार्थियों और अतिथियों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। वहीं मंच की साज-सज्जा का कार्य भी तेजी से चल रहा है।
दीक्षांत समारोह में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को उत्तरीय और पगड़ी का वितरण भी शुरू कर दिया गया है। समारोह के सफल आयोजन के लिए मंगलवार सुबह 8 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दीक्षांत मंडप का भूमि पूजन किया जाएगा।
इसके बाद पूर्वाह्न 11 बजे से पूरे कार्यक्रम का पूर्वाभ्यास होगा, ताकि दीक्षांत समारोह के निर्धारित कार्यक्रम का समयबद्ध और सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जा सके।
कुलपति प्रो. नरेन्द्र कुमार शुक्ल स्वयं तैयारियों की लगातार निगरानी कर रहे हैं। वहीं कुलसचिव एस.एल. पाल के नेतृत्व में विभिन्न समितियों के संयोजक और सदस्य अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।