
कार्तिक पूर्णिमा पर इतिहास में पहली बार हेलीकाप्टर से श्रद्धालुओं पर बरसाए गए फूल
बलिया। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर इतिहास में पहली बार हेलीकाप्टर से गंगा घाट पर स्नान कर रहे श्रद्धालुओं पर फूल बरसाए गए। इसके साथ ही भृगु मंदिर क्षेत्र में आसमान से गुलाब और गेंदा के फूलों की बारिश होते देख श्रद्धालु खुशी से झूम उठे और हर-हर गंगे के जयकारे लगाने लगे। मंगलवार की सुबह पटना से हेलीकाप्टर सुबह करीब 9.30 पुलिस लाइन के मैदान में उतरा, उसके फूल लेकर नगर पालिका परिषद बलिया के संतकुमार उर्फ मिठाई लाल के भाई विनोद कुमार व पुत्र अभिषेक आंनद बंटी साथ उड़ान भरे।





हेलीकाप्टर महर्षि भृगु मंदिर, बाबा बालेश्वर मंदिर व संगम तट पर श्रद्धालुओं पर फूल बरसाया। दो बार उड़ान भरने के बाद हेलीकाप्टर पुन: पटना चला गया।श्रद्धालुओं ने हाथ जोड़कर आसमान की तरफ देखा, कई लोगों ने फूलों को प्रसाद समझकर सिर पर रखा और घर ले गए। श्रद्धालुओं ने इस पल को मोबाइल में कैद किया। अध्यक्ष ने बताया कि अपने निजी खर्चे से हेलीकाप्टर की व्यवस्था की गई थी। पांच कुंतल फूल बंगाल से मंगाया गया था। कहा कि इसमें डीएम, एसपी, सीओ लाइन समेत समस्त अधिकारियों को पूरा सहयोग मिला। नगर में फूलों की बारिश करना हमारे काफी दिनों से इच्छा थी, जो महर्षि भृगु की कृपा से पूरा हुई है। कार्तिक स्नान करने आए स्नानार्थियों ने कहा कि हेलिकाप्टर से फूल बरसाए गए। फूलों से ऐसा नजारा पहली बार देखा। लगा जैसे देवता खुद हम पर फूल बरसा रहे हों।