
हाईटेंशन करंट हादसा: मृतक पिता-पुत्र के पुत्री को 10 लाख की सहायता, पीड़िता को सौंपा गया चेक
अधिशासी अभियंता पंकज भारती भेजे गए गोरखपुर, जेई और एसएसओ को पहले ही किया जा चुका है निलंबित
बांसडीह (बलिया)। शाहपुर (सहपुरवा) गांव में हाईटेंशन करंट की चपेट में आकर जान गंवाने वाले पिता-पुत्र के परिवार को प्रशासन की ओर से 10 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। रविवार की शाम विधायक प्रतिनिधि विश्राम सिंह और एसडीएम बांसडीह पुष्कर मिश्रा ने मृतकों की एकमात्र आश्रित सीमा यादव को सहायता राशि का चेक सौंपा।
गौरतलब है कि 23 जुलाई 2026 की सुबह खेत पर जाते समय जर्नादन यादव और उनके पुत्र राजेश यादव सड़क पर टूटकर गिरे हाईटेंशन बिजली के तार की चपेट में आ गए थे, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के बाद ग्रामीणों ने बिजली आपूर्ति बंद कराने के लिए विद्युत विभाग को सूचना दी थी, लेकिन आरोप है कि टकरसन विद्युत उपकेंद्र के एसएसओ ने समय पर बिजली नहीं कटवाई। इससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया और उन्होंने चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया था।
घटना के दौरान मौके पर पहुंचीं विधायक केतकी सिंह ने बिजली विभाग के अधिकारियों की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) पंकज भारती को फटकार लगाई थी। विधायक ने बताया कि प्रशासन द्वारा पीड़ित परिवार को 10 लाख की आर्थिक सहायता उपलब्ध करा दी गई है। साथ ही परिवार को अन्य सरकारी सहायता और नौकरी दिलाने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। इस अवसर पर नायब तहसीलदार भोला राय, ग्राम प्रधान हीरालाल यादव, मार्कण्डेय यादव, गुड्डू यादव, राजेश दूबे सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे। उधर, घटना के बाद बिजली विभाग में कार्रवाई का सिलसिला भी जारी है। अधिशासी अभियंता पंकज भारती का गोरखपुर स्थानांतरण कर दिया गया है, जबकि संबंधित जूनियर इंजीनियर (जेई) और एसएसओ को पहले ही निलंबित किया जा चुका है।