
26 जुलाई को होगा जूनियर बालक फुटबॉल टीम का चयन ट्रायल, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चुने जाएंगे खिलाड़ी
बलिया। राज्य स्तरीय जूनियर बालक फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए बलिया जनपद की टीम का चयन ट्रायल 26 जुलाई को वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। चयनित खिलाड़ी आजमगढ़ मंडल का प्रतिनिधित्व करते हुए आगे की प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे।
जिला क्रीड़ाधिकारी जवाहर लाल यादव ने बताया कि खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश फुटबॉल संघ के समन्वय से 1 से 8 अगस्त 2026 तक मऊ में राज्य स्तरीय जूनियर बालक फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसके लिए बलिया जनपद का चयन ट्रायल 26 जुलाई को सुबह 10 बजे वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम में होगा।
उन्होंने बताया कि ट्रायल में केवल वही खिलाड़ी भाग ले सकेंगे जिनकी जन्मतिथि 1 जनवरी 2011 से 31 दिसंबर 2012 के बीच हो। खिलाड़ियों को जन्मतिथि प्रमाण-पत्र (हाईस्कूल प्रमाणपत्र अथवा नगर निकाय द्वारा जारी जन्म प्रमाण-पत्र) एवं पात्रता प्रमाण-पत्र की विद्यालय के प्रधानाचार्य से सत्यापित छायाप्रति साथ लानी होगी। ट्रायल में केवल बलिया जनपद के खिलाड़ी ही प्रतिभाग कर सकेंगे।
जनपद स्तर पर चयनित खिलाड़ी 28 जुलाई को सुखदेव पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम, आजमगढ़ में आयोजित मंडलीय चयन ट्रायल में भाग लेंगे। मंडल स्तर पर चयनित खिलाड़ी 1 से 8 अगस्त तक मऊ में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में आजमगढ़ मंडल का प्रतिनिधित्व करेंगे।
जिला क्रीड़ाधिकारी ने इच्छुक खिलाड़ियों से निर्धारित तिथि, समय और आवश्यक दस्तावेजों के साथ ट्रायल में उपस्थित होने की अपील की है। प्रतियोगिता से संबंधित अधिक जानकारी जिला खेल कार्यालय, बलिया से प्राप्त की जा सकती है।