
0 से 5 वर्ष के मूक-बधिर बच्चों की निशुल्क होगी कॉक्लियर इम्प्लांट सर्जरी, सरकार देगी 6 लाख रुपये तक का खर्च
बलिया। जनपद के मूक-बधिर दिव्यांग बच्चों को सुनने और बोलने में सक्षम बनाने के लिए सरकार ने निशुल्क कॉक्लियर इम्प्लांट सर्जरी योजना शुरू की है। इस योजना के तहत 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के पात्र बच्चों का ऑपरेशन पूरी तरह निःशुल्क कराया जाएगा, जिसका खर्च सरकार वहन करेगी।
जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी पारस नाथ यादव ने बताया कि योजना के अंतर्गत ऐसे बच्चों को लाभ मिलेगा जो सुन और बोल नहीं पाते हैं। प्रत्येक लाभार्थी की कॉक्लियर इम्प्लांट सर्जरी के लिए सरकार संबंधित चिकित्सालय को अधिकतम 6 लाख रुपये तक की धनराशि उपलब्ध कराएगी। योजना का उद्देश्य बच्चों की श्रवण एवं वाणी क्षमता विकसित कर उन्हें सामान्य जीवन और शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने जनपद के पात्र अभिभावकों से अपील की है कि वे योजना का लाभ लेने के लिए विकास भवन स्थित जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी कार्यालय में किसी भी कार्यदिवस पर पहुंचकर आवेदन पत्र प्राप्त करें और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करें।