
श्रवण कुमार पांडेय
विधायक केतकी एक्सीइएन को खींचकर ले गई मृतक के द्वार, लगाई फटकार
आक्रोशित ग्रामीणों ने बांसडीह बलिया पर धरना देकर रोकी रफ्तार
बलिया। करेंट की चपेट में आने से पिता-पुत्र की हुई मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बांसडीह, बलिया मार्ग पर बैठकर रास्ता पूरी तरह से बंद कर दिया। मौके पर पहुंचीं विधायक केतकी सिंह का गुस्सा भी अधिकारियों पर फूट पड़ा। उन्होंने बिजली विभाग के एक्सईएन पंकज भारती को मौके पर खींचकर पीड़िता लड़की सीमा यादव के घर के सामने खड़ा किया और बिजली विभाग की इस बेरुखी पर कड़ा ऐतराज जताया। मौके से ही विधायक ने उर्जा मंत्री एके शर्मा से बातचीत कर मामले की जानकारी दी। धरना स्थल पर विधायक केतकी सिंह व अधिकारियों से बातचीत के बाद प्रशासन ने दोषी कर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने, पीड़ित बेटी को नौकरी व आर्थिक सहायता देने तथा गांव में बिजली के तारों को ठीक करने के आश्वासन के बाद धरना समाप्त हो गया। इस दौरान सपा नेता रंजीत चौधरी, विधायक प्रतिनिधि विश्राम सिंह, पंकज सिंह, बबुआ सिंह, मंटू यादव, राकेश वर्मा, प्रतुल ओझा, अभिजीत तिवारी बब्लू आदि मौजूद है।

‘पहले वीडियो भेजो, फिर लाइन काटेंगे’—ग्रामीणों का गंभीर आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि हादसे के तुरंत बाद लोगों ने टकरसन विद्युत उपकेंद्र पर बिजली आपूर्ति बंद कराने के लिए फोन किया, लेकिन ड्यूटी पर मौजूद एसएसओ ने तत्काल सप्लाई बंद करने के बजाय पहले टूटे तार का वीडियो व्हाट्सएप पर भेजने की बात कही। ग्रामीणों का कहना है कि इसी देरी के कारण दोनों की जान नहीं बच सकी। हालांकि इस आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
एक झटके में उजड़ गया परिवार
राजेश की मां का वर्षों पहले निधन हो चुका था। बड़ी बहन की शादी हो गई है, जबकि छोटी बहन सीमा यादव अब परिवार में अकेली रह गई है। हादसे के बाद घर में मुखाग्नि देने वाला भी कोई पुरुष सदस्य नहीं बचा। गांव में इस घटना के बाद शोक और आक्रोश का माहौल है।
ऊर्जा मंत्री से भी हुई बात
धरना स्थल पर विधायक केतकी सिंह ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा से फोन पर बात कर पूरे मामले से अवगत कराया। उन्होंने दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
एसएसओ, जेई समेत अधिकारियों पर मुकदमा दर्ज
बांसडीह रोड पुलिस ने मृतक की बहन सीमा यादव की तहरीर पर टकरसन विद्युत उपकेंद्र के एसएसओ, संबंधित जेई और अन्य जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।