एचटी विद्युत तार की चपेट में आने से पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत, आक्रोश

Spread the love

एचटी विद्युत तार की चपेट में आने से पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत, आक्रोश

मृतक राजेश हाल ही में पुलिस उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा किया था उत्तीर्ण

एकलौते बेटे संग खेत घूमने गए थे पिता

बिजली विभाग की एक बार फिर लापरवाही आई सामने

बलिया। बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के सहपुरवा गांव में गुरुवार सुबह 11 हजार वोल्ट के टूटे बिजली के तार की चपेट में आने से पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने घटना के लिए बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है।

जानकारी के अनुसार, सहपुरवा निवासी 58 वर्षीय जनार्दन यादव अपने 24 वर्षीय एकलौते पुत्र राजेश यादव के साथ खेत पर गए थे। खेत में पहले से 11 हजार वोल्ट का बिजली का तार टूटा पड़ा था। इसी दौरान राजेश यादव अनजाने में करंट की चपेट में आ गए। बेटे को बचाने के लिए पिता जनार्दन यादव बिना अपनी जान की परवाह किए दौड़ पड़े, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गए। दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक राजेश यादव हाल ही में पुलिस उपनिरीक्षक (एसआई) भर्ती परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके थे। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की सूचना मिलते ही विधायक प्रतिनिधि विश्राम सिंह मौके पर पहुंचे और प्रशासनिक अधिकारियों को तत्काल बुलाया। सूचना पर तहसीलदार नितिन सिंह एवं बांसडीह रोड थानाध्यक्ष भी मौके पर पहुंचे तथा घटना की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। विधायक प्रतिनिधि विश्राम सिंह ने घटना पर गहरा दु:ख जताते हुए कहा कि यदि जांच में बिजली विभाग के किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई कराई जाएगी। वहीं, ग्रामीणों ने भी दोषियों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *