
150 कटान पीड़ित परिवारों में किया गया तिरपाल वितरित
बलिया। सरयू नदी कटान क्षेत्र के भोजपुरवा गांव के पश्चिम टोला के लोगों को बुधवार को फिर नायब तहसीलदार आशीष सिंह की निगरानी में प्रशासनिक टीम ने करीब 150 कटान पीड़ित परिवारों को तिरपाल वितरित किए। वहीं गांव में रात के अंधेरे को दूर करने और कटान प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए 20 सोलर लाइटें लगाने का कार्य भी शुरू कर दिया गया है, जिसे अगले एक-दो दिनों में पूरा कर लिया जाएगा।
सरयू की तेज धारा ने भोजपुरवा के लोगों की जिंदगी पूरी तरह बदल दी है। कई परिवार अपने घर स्वयं तोड़ चुके हैं, जबकि दर्जनों परिवार हर पल इस डर में जी रहे हैं कि न जाने अगला नंबर किसके आशियाने का होगा। ऐसे हालात में प्रशासन की ओर से राहत सामग्री का वितरण पीड़ितों के लिए बड़ी राहत साबित हुआ। तिरपाल मिलते ही कई परिवारों के चेहरे पर लंबे समय बाद उम्मीद की झलक दिखाई दी।
नायब तहसीलदार आशीष सिंह ने पूरे राहत अभियान की स्वयं निगरानी करते हुए निर्देश दिया कि कोई भी पात्र परिवार सहायता से वंचित न रहे। उन्होंने कटान पीड़ितों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और भरोसा दिलाया कि प्रशासन हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा है। ग्रामीणों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए गांव में 20 सोलर लाइटें लगाने की प्रक्रिया भी शुरू करा दी गई है। कटान प्रभावित बस्ती में रात के समय घना अंधेरा छा जाता है, जिससे लोगों को भारी परेशानी होती है। सोलर लाइटें लगने के बाद रात में आवागमन आसान होगा और लोगों को सुरक्षा का भी एहसास मिलेगा।
राहत अभियान के दौरान बीडीओ मनियर विकास कुमार शाह, लेखपाल राहुल वर्मा आदि थे।