
किसानों के खेत लगातार सरयू नदी में हो रहे विलीन
विधायिका व डीएम के निर्देश के बाद भी नहीं हो रहा काम
बलिया। सरयू नदी के बढ़ते जलस्तर के बीच बुधवार को नदी किनारे के गांवों सुल्तानपुर, भोजपुरवा व महाराजपुर गांव के सामने नदी किसानों के खेत लगातार काटकर नदी में विलीन कर रही है। उधर प्रशासन ने भोजपुरवा गांव के विभिन्न क्षेत्रों में विस्थापित हुए लोगों के बीच आज फिर से तिरपाल वितरित किया। हांलांकि तहसील में मंगलवार को ग्रामीणों के धरना प्रदर्शन के बाद भी महाराजपुर में बाढ़ विभाग पूरी तरह निष्क्रिय रहा।
सरयू नदी कटान तेज गति से जारी है। सुल्तानपुर खादीपुर ताहिरपुर, महाराजपुर भोजपुरवा , चांदपुर आदि गांवों के किसानों का खेत कटान से पानी में समाहित हो रहा है । गांवों के किसान मूकदर्शक होकर प्रतिदिन कटान देख रहें हैं। किसान रोज यह आकलन कर रहें हैं कि आज किसका खेत कटकर पानी में चला गया। धीरे धीरे धीरे पानी बस्ती की ओर आगे बढ़ रही है। भोजपुरवा में जल निगम की पानी की टंकी का नीचे के पायें का सभी मिट्टी कटकर नदी में चला गया हैं लेकिन टंकी पानी के बीच ही खड़ी हैं। उधर महाराजपुर गांव के सामने बाढ़ विभाग की ओर से आधा अधूरा नौ करोड़ की लागत से बनाया गया 17 कटर ( ठोकर) धीरे-धीरे नदी के पानी में कटकर विलीन हो रहा है। हांलांकि बुधवार को विभाग के पांच मजदूर बोरी में मिट्टी भराई कर कटान किनारे डाल रहें थे। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि चार दिन पूर्व विधायक केतकी सिंह के साथ आये डीएम मंगला प्रसाद सिंह ने विभाग के एक्सईएन को कटान स्थल पर कार्य करने का निर्देश दिया था लेकिन आज तक मौके पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है।