बलिया में बाइक सवार बदमाशों ने अधिवक्ता पर चाकू से किया हमला, गम्भीर, रेफर

Spread the love

बलिया में बाइक सवार बदमाशों ने अधिवक्ता पर चाकू से किया हमला, गम्भीर, रेफर

जमीनी विवाद में बदमाशों ने घटना को दिया अंजाम, दो को हिरासत में लेकर पुलिसकर्मी पूछताछ

रिपोर्ट: श्रवण कुमार पांडेय

बलिया। सुखपुरा थाना क्षेत्र के बहादुरपुर पुलिया के पास बुधवार को बाइक सवार बदमाशों ने अधिवक्ता पर पीछे से चाकू से हमला कर घायल कर दिया। वही चाकू को उसके पीठ में छोड़ दिया। आसपास के लोगों ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से चिकित्सक ने हालत नाजुक देख युवक को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। उधर सूचना पर पहुंची पुलिस दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। समाचार लिखे जाने तक पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई थी।

मिली जानकारी के अनुसार सुखपुरा थाना क्षेत्र के जीराबस्ती निवासी व घायल अधिवक्ता रितेश तिवारी 45 वर्ष पुत्र स्व गोपाल तिवारी निवासी जीराबस्ती थाना सुखपुरा जनपद बलिया शहर की ओर से अपने गांव जीराबस्ती जा रहे थे। जैसे ही बहादुरपुर पुलिया के पास स्थित फल की दुकान पर फल लेने के लिए उतरे, वैसे ही पीछे से अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने उनकी पीठ में चाकू मारकर घायल कर दिया और चाकू को उसी में छोड़ दिया। आसपास के लोगों ने अधिवक्ता को जिला अस्पताल भेजवाया। डॉक्टर द्वारा प्राथमिक उपचार के उपरांत उन्हें ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया। मौके पर पहुंची पुलिस दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। घायल चार भाइयों में तीसरे नंबर पर है। यह पेशे से अधिवक्ता है और गिट्टी बालू की दुकान जीराबस्ती में संचालित करते है। इसके पूर्व स्टांप विक्रेता का भी काम करते थे। बताया जा रहा है कि घायल का अपने पाटीदारों से जमीन को लेकर विवाद था। इस मामले में घायल पक्ष के तहरीर पर पुलिस ने छह लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया था। घायल का आरोप है कि विपक्षी सुलह समझौता के लिए लगातार दबाव बना रहे थे। जिसकी सूचना चौकी पर लगातार दी जा रही थी। लेकिन चौकी इंचार्ज द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई। जिसका नतीजा है कि उनके द्वारा जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला कर घायल कर दिया गया। इस बाबत अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी बलिया संजय वर्मा ने बताया कि सुखपुरा थाना अंतर्गत बहादुरपुर पुलिया पर युवक को चाकू से हमला कर घायल कर दिया। इस मामले में दो संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ किया जा रहा है। दोनों पक्षों में पूर्व में जमीन का विवाद भी बताया जा रहा है। नियमानुसार जाँच कर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *