दिल्ली की घटना को लेकर बलिया में छात्र उग्र, पुतला दहन रोकने पर पुलिस से नोकझोंक

Spread the love

दिल्ली की घटना को लेकर बलिया में छात्र उग्र, पुतला दहन रोकने पर पुलिस से नोकझोंक


बलिया। राजधानी दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध की गूंज मंगलवार को बलिया में भी सुनाई दी। टीडी कॉलेज चौराहे पर जुटे छात्रों ने केंद्र सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए इस्तीफे की मांग उठाई।
छात्र नेता प्रवीण सिंह के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान छात्र शिक्षा मंत्री का प्रतीकात्मक पुतला फूंकने की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए पुतला अपने कब्जे में ले लिया। इसे लेकर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो कुछ ही देर में धक्का-मुक्की में बदल गई। अफरा-तफरी के बीच कई छात्र सड़क पर गिर पड़े, जबकि पुलिस ने पुतला जब्त कर नष्ट कर दिया।
घटना से नाराज छात्रों ने टीडी कॉलेज चौराहे पर सड़क जाम करने की कोशिश की। पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया, जिससे मौके पर कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बन गया। इसी दौरान छात्र नेता प्रवीण सिंह को पुलिस ने हिरासत में लेकर कोतवाली भेज दिया। उनके हिरासत में लिए जाने के बाद भी अन्य छात्र नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन पर डटे रहे। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराने वालों पर कार्रवाई उचित नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास जारी रहा तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। वहीं, हिरासत में लिए गए छात्र नेता प्रवीण सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं के सवालों से बचने के लिए पुलिस का सहारा ले रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग और छात्रों के समर्थन में उनका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *