
बीजेपी विधायक के पोस्टर फाड़ना युवक को पड़ा महंगा, गिरफ्तार, ई-रिक्शा सीज
बलिया। मनियर बस स्टैंड पर सोमवार को भाजपा विधायक केतकी सिंह के विकास कार्यों से संबंधित लगाए गए पोस्टर को एक मनबढ युवक द्वारा पोस्टर फाड़े जाने का मामला प्रकाश में आया। घटना के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में नाराजगी फैल गई और मौके पर मौजूद लोगों ने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक ने अपना ई-रिक्शा पोस्टर के पास खड़ा किया और उसकी छत पर चढ़कर पोस्टर फाड़ दिया। घटना को देख रहे लोगों ने इसकी जानकारी थाना प्रभारी मनियर अजय कुमार त्रिपाठी को दी। साथ ही विधायक के प्रतिनिधि एवं उनके स्वसुर विश्राम सिंह को भी सूचित किया गया।सूचना मिलते ही मनियर पुलिस हरकत में आई त्वरित कार्रवाई करते हुए पोस्टर फाड़ने के आरोपित छितौनी निवासी राजेश यादव को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा को भी सीज कर दिया। थाना प्रभारी अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि आरोपित ई रिक्शा चालक मंदबुद्धि का भी है, उसके विरुद्ध शांति भंग की धारा में कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि खेजुरी मोड़ पर लगे विधायक के विकास कार्यों के एक अन्य पोस्टर को भी कुछ अज्ञात अवांछनीय तत्वों द्वारा फाड़े जाने की सूचना मिली है, जिसकी जांच की जा रही है।