
पीएचसी बांसडीह में पीओसीटी लैब का उद्घाटन, चार सामुदायिक भवनों का भी हुआ शिलान्यास
बलिया। बांसडीह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मंगलवार को विधायक केतकी सिंह ने फीता काटकर प्वाइंट ऑफ केयर टेस्टिंग (पीओसीटी) लैब का उद्घाटन किया। इस लैब के शुरू होने से मरीजों को कई महत्वपूर्ण जांचों की रिपोर्ट अब कम समय में ही उपलब्ध हो सकेगी।
इस अवसर पर विधायक केतकी सिंह ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन सरकार आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य है कि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को एक ही छत के नीचे आवश्यक जांच और उपचार की सुविधाएं मिलें, ताकि उन्हें बाहर भटकना न पड़े।
उन्होंने कहा कि बांसडीह विधानसभा क्षेत्र में सड़क, बिजली, पेयजल, बाढ़ सुरक्षा, शिक्षा और स्वास्थ्य समेत विभिन्न क्षेत्रों में करोड़ों रुपये की लागत से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र की दो दर्जन से अधिक सड़कों का निर्माण स्वीकृत हो चुका है और टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही कार्य शुरू होगा।
इसके बाद मैरीटार गांव में आयोजित कार्यक्रम में विधायक ने त्वरित विकास योजना के अंतर्गत बड़सरी जागीर, खरौनी, कुशहर और शिवपुर गांवों में बनने वाले सामुदायिक केंद्र भवनों का शिलान्यास भी किया।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक शिवशंकर चौहान, अजय सिंह, राकेश वर्मा, अरुण सिंह, मिथिलेश तिवारी, राना कुनाल सिंह, पूनम गुप्ता, सिम्पी सिंह, डॉ. प्रणय कुनाल, डॉ. विनोद सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।