
रिपोर्ट : श्रवण कुमार पांडेय
बलिया में पुलिस मुठभेड़ में हत्या का आरोपी गिरफ्तार, पैर में लगी गोली, असलहा बरामद
बलिया। गड़वार थाना क्षेत्र के रतसड़-नूरपुर मार्ग पर पुलिया के समीप रविवार देर रात पुलिस और हत्या के आरोपी के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। घायल आरोपी के कब्जे से पुलिस ने अवैध तमंचा, दो कारतूस बरामद किया। घायल को सीएचसी रतसड़ में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
पुलिस के अनुसार रविवार की रात करीब 11 बजे गड़वार थाना पुलिस रात्रि गश्त और वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति रतसड़-नूरपुर मार्ग पर पुलिया के पास मौजूद है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो आरोपी ने खुद को घिरता देख पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। जिसमें सौरभ उपाध्याय पुत्र देवेंद्र उपाध्याय निवासी असनवार पंडितपुरा, थाना गड़वार के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतसड़ भेजा गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने अपने पिता देवेंद्र उपाध्याय के कहने पर अपने साथी गोविंद चौहान, अरुण राजभर, सोनू चौहान और सूरज चौहान के साथ मिलकर पुराने मुकदमे के गवाह विनोद उपाध्याय की हत्या की थी। आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, दो कारतूस बरामद किया। इस बाबत अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) संजय वर्मा ने मुठभेड़ और गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी से पूछताछ के साथ ही अग्रिम कार्रवाई प्रचलित है।