
संजीव बने प्रदेश उपाध्यक्ष व अशोक को मिली जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी
बलिया। शहर के आदर्श वाटिका, रामदहिनपुरम में रविवार सायंकाल ब्रह्मर्षि वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारियों की उपस्थिति में आयोजित हुई। बैठक में संगठन के विस्तार, सुदृढ़ीकरण और समाजहित के कार्यों को गति देने पर चर्चा की गई।
राष्ट्रीय मंत्री जयश मिश्र ने राष्ट्रीय एवं प्रदेश समिति के निर्णय की घोषणा करते हुए बताया कि खोरीपाकड़ निवासी एवं पूर्व जिलाध्यक्ष संजीव राय को संगठन का प्रदेश उपाध्यक्ष तथा जनाड़ी निवासी अशोक कुमार पाण्डेय को बलिया जिलाध्यक्ष मनोनीत किया गया है।
घोषणा के बाद दोनों नवनियुक्त पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। इस दौरान संगठन को अधिक मजबूत बनाने और समाज के सभी वर्गों तक उसकी विचारधारा पहुंचाने का संकल्प भी लिया गया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष बृजेश राय, प्रदेश अध्यक्ष जितेन्द्र राय, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के.एन. राय, राष्ट्रीय महासचिव जितेन्द्र राय एवं राष्ट्रीय सचिव दुर्गेश राय ने दोनों पदाधिकारियों को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन बलिया सहित पूरे प्रदेश में सामाजिक एकता, शिक्षा, युवा सशक्तिकरण और जनसेवा के कार्यों को नई गति देगा।
नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव राय ने शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए दायित्व का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का भरोसा दिया। वहीं जिलाध्यक्ष अशोक कुमार पाण्डेय ने कहा कि संगठन को ग्राम स्तर तक मजबूत करने, युवाओं को जोड़ने और समाजहित के कार्यक्रमों का विस्तार उनकी प्राथमिकता होगी।
बैठक में राष्ट्रीय, प्रदेश एवं जिला स्तर के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समाज के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।