
बड़सरी जागीर–घोघा मार्ग की बदहाल सड़क पर ग्रामीणों का अनोखा प्रदर्शन, गड्ढों में धान रोपकर जताया विरोध
बलिया। बांसडीह विधानसभा क्षेत्र के बड़सरी जागीर से घोघा मार्ग की जर्जर सड़क से नाराज ग्रामीणों ने रविवार को अनोखे ढंग से विरोध प्रदर्शन किया। सड़क के गहरे गड्ढों में सांकेतिक रूप से धान की रोपाई कर ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान सड़क की बदहाली की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया।
ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से सड़क की मरम्मत नहीं होने के कारण जगह-जगह बड़े गड्ढे बन गए हैं। बरसात में इन गड्ढों में पानी भर जाने से पैदल चलना तो दूर, दोपहिया और चारपहिया वाहनों का आवागमन भी मुश्किल हो गया है। आए दिन लोग गिरकर घायल हो रहे हैं, जबकि बच्चों को स्कूल और किसानों को खेतों तक पहुंचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शन के दौरान बसपा नेता राजू राजभर ने बांसडीह विधायक केतकी सिंह और सलेमपुर सांसद रमाशंकर विद्यार्थी पर क्षेत्र की उपेक्षा का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय जनप्रतिनिधि जनता के बीच पहुंचते हैं, लेकिन जीत के बाद ग्रामीणों की मूलभूत समस्याओं की ओर ध्यान नहीं देते।
ग्रामीण आनंद राजभर, बैजू यादव, कन्हैया यादव, सुमित समेत अन्य लोगों ने बताया कि लोहटा चौराहे से लोहटा स्थित देसी शराब की भट्ठी तक सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। वहीं बड़सरी जागीर से घोघा मार्ग पर गहरे गड्ढों के कारण हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों ने उत्तर प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन से तत्काल सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।