
बलिया में 130 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ी विवाहिता, घंटों चला हाईवोल्टेज ड्रामा
प्रेमी से शादी कराने के आश्वासन के बाद टावर से नीचे उतरी महिला
रिपोर्ट: श्रवण कुमार पांडेय
बलिया। जनपद के बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के छितौनी फरसाटार गांव में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक विवाहिता महिला अपने छह वर्षीय बच्चे को नीचे छोड़कर करीब 130 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। महिला ने प्रेमी को बुलाकर उससे शादी कराने का आश्वासन मिलने तक नीचे उतरने से इनकार किया। करीब सात घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद प्रशासन और प्रेमी की मां के शादी के आश्वासन पर वह नीचे उतर आई।
जानकारी के अनुसार मनियर थाना के उदईपुर गांव निवासी 23 वर्षीय मुन्नी गोंड रविवार को बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के छितौनी फरसाटार गांव स्थित
130 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। सूचना मिलते ही तहसीलदार नितिन सिंह, सीओ बांसडीह जयशंकर मिश्रा, थाना प्रभारी व पुलिस बल मौके पर पहुंच महिला को समझाने का प्रयास किया। दोपहर करीब 12 बजे प्रशासन ने उसकी बात सुनने और संबंधित पक्ष से बातचीत कराने का भरोसा दिया, जिसके बाद महिला नीचे उतर आई। एहतियातन उसे थाने ले जाया गया, जहां दोनों पक्षों के परिजनों को भी बुलाया गया।
महिला ने बताया कि उसने करीब आठ वर्ष पहले अजीत राजभर के साथ प्रेम विवाह किया था और दोनों लगभग सात साल तक साथ रहे। उसका आरोप है कि पति शराब पीकर मारपीट करता था और करीब एक वर्ष पहले उसे बच्चे समेत घर से निकाल दिया, जिसके बाद वह मायके में रहने लगी।
महिला के अनुसार, अप्रैल 2025 में इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी पहचान बांसडीह रोड थाना के छितौनी निवासी अंकित गोंड से हुई। दोनों के बीच प्रेम संबंध बने और युवक ने शादी तथा गुजरात में नौकरी दिलाने का वादा किया। महिला का दावा है कि दोनों करीब छह महीने तक गुजरात में साथ रहे, लेकिन बाद में युवक परिवार के दबाव का हवाला देकर शादी से मुकर गया और उसे छोड़कर अपने गांव लौट आया। महिला का आरोप है कि जब वह युवक के घर पहुंची तो उसके परिवार ने उसे स्वीकार करने से इनकार कर दिया। पुलिस में शिकायत के बावजूद कार्रवाई न होने से आहत होकर उसने मोबाइल टावर पर चढ़कर विरोध प्रदर्शन किया। तहसीलदार नितिन सिंह ने बताया कि महिला पहले से विवाहित है और उसका एक बच्चा भी है। युवक से फोन पर बातचीत कराई गई है। उसने दो दिन के भीतर गुजरात से आने की बात कही है। फिलहाल महिला को उसके पिता के साथ भेज दिया गया है। मामले में दोनों पक्षों के बयान और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।