
पुलिस मुठभेड़ में अंतरराज्यीय वाहन पांच चोर गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली, 11 बाइक समेत ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद
चोरी के वाहनों बिहार ले जा रहे थे बेचने, पुलिस ने दबोचा
रिपोर्ट: श्रवण कुमार पांडेय
बलिया। स्वाट/सर्विलांस टीम और बैरिया पुलिस ने शनिवार की तड़के अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया, जिसके जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई जो एक बदमाश के दाहिने पैर में जा लगी। घटना के बाद पुलिस ने घायल बदमाश को सामुदायिक स्वास्थ्य के सोनबरसा में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है। यह कार्रवाई पुलिस ने रात करीब 2:45 बजे बैरिया से बिहार जाने वाले मार्ग पर वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर की।
इस दौरान अपने आप को घिरता देख आरोपी हेमंत सिंह ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को तत्काल सीएचसी सोनबरसा भेजा गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने मौके से हर्ष राज सिंह उर्फ राज सिंह पुत्र शशिचन्द सिंह उर्फ राशि चन्द्र सिंह निवासी जगदीशपुर थाना फेफना जपनद बलिया, दिनेश श्रीवास्तव पुत्र फतेबहादुर श्रीवास्तव निवासी हैबतपुर थाना कोतवाली जनपद बलिया, अनुज उपाध्याय उर्फ शिवम उपाध्याय पुत्र कैलाश नाथ उपाध्याय उर्फ सन्तशरण उपाध्याय निवासी बड़का बैजू टोला सिताबदियर थाना रिविलगंज जनपद सारण बिहार हाल मुकाम ग्राम टोला शिवन राय थाना बैरिया जनपद बलिया और जयकुमार गोड़ उर्फ सन्टुल गोड़ पुत्र भगेलू गोड़ निवासी बभनौली थाना गड़वार जनपद बलिया को गिरफ्तार किया। पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि वे चोरी के वाहनों को बिहार बेचने जा रहे थे, तभी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक चोरी का ट्रैक्टर, एक ट्रैक्टर-ट्रॉली, 11 चोरी की मोटरसाइकिलें, दो पंपिंग सेट मोटर, एक अवैध तमंचा, दो कारतूस तथा वाहन चोरी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किया। इस बाबत अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) संजय वर्मा ने बताया कि गिरोह लंबे समय से वाहन चोरी की घटनाओं में सक्रिय था। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।