बलिया की बेटी पलक शुक्ला ने नीट 2026 में लहराया परचम, प्रथम प्रयास में हासिल की 7862वीं रैंक

Spread the love

बलिया की बेटी पलक शुक्ला ने नीट 2026 में लहराया परचम, प्रथम प्रयास में हासिल की 7862वीं रैंक

बलिया। जनपद की होनहार बेटी पलक शुक्ला ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG 2026) में प्रथम प्रयास में शानदार सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। पलक ने 99 परसेंटाइल प्राप्त करते हुए ऑल इंडिया रैंक (AIR) 7862 हासिल की है। यह उपलब्धि उन्हें देश के शीर्ष प्रदर्शन करने वाले अभ्यर्थियों में शामिल करती है।

पलक का पैतृक निवास ग्राम मिड्ढा (बेरुआरबारी), बलिया है। वर्तमान में वह परिवार के साथ गाजियाबाद में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही थी। उन्होंने वर्ष 2023 की हाईस्कूल परीक्षा में 97.2 प्रतिशत तथा वर्ष 2025 की इंटरमीडिएट परीक्षा में 92 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे। अपनी सफलता का राज बताते हुए पलक ने कहा कि “सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता।” उन्होंने परीक्षा की तैयारी के दौरान प्रतिदिन लगभग 15 घंटे नियमित अध्ययन किया। कठिन विषयों पर विशेष ध्यान, लगातार अभ्यास और सकारात्मक सोच ने उन्हें यह मुकाम दिलाया। पलक ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपनी माता प्रियंका शुक्ला, पिता पुष्कल शुक्ला (गाजियाबाद स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज में प्रोफेसर), मामा प्रवीण पांडेय (अध्यापक, बेसिक शिक्षा विभाग, बलिया) तथा परिवार के अन्य सदस्यों को दिया। उनके परिवार में एक छोटा भाई भी है, जो वर्तमान में हाईस्कूल का छात्र है। पलक ने बताया कि उनका सपना एक कुशल चिकित्सक बनकर समाज और जरूरतमंद लोगों की सेवा करना है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, शिक्षकों, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। NEET-UG 2026 देश की सबसे कठिन प्रतियोगी परीक्षाओं में से एक है, जिसमें इस वर्ष 22 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल हुए। ऐसे कड़े मुकाबले में प्रथम प्रयास में उत्कृष्ट रैंक हासिल करना पलक की मेहनत, लगन और प्रतिभा का प्रमाण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *