
पुरानी रंजिश में सुभासपा नेता पर जानलेवा हमला, सात नामजद समेत कई पर मुकदमा
बलिया। शहर कोतवाली क्षेत्र में तहसील के सामने शुक्रवार देर रात पुरानी रंजिश को लेकर सुभासपा के प्रदेश महासचिव अभिषेक मिश्र ‘मिंटू’ (32) पर कथित तौर पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें दुकान से बाहर घसीटकर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर सात नामजद व कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित अभिषेक मिश्र के अनुसार, शुक्रवार रात करीब नौ बजे वह तहसील के सामने स्थित अपनी दुकान पर बैठे थे। तभी पूर्व नियोजित साजिश के तहत शशांक मिश्र, दीपक मिश्र, अशोक मिश्र, अरुण मिश्र, पदुम देव मिश्र, ज्ञानेन्द्र मिश्र तथा खरौनी गांव के टइया टोला निवासी सत्यजीत पाण्डेय अपने दो-तीन अज्ञात साथियों के साथ वहां पहुंचे। आरोप है कि सभी हमलावर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से लैस थे। उन्होंने दुकान के भीतर से घसीटकर बाहर निकाला और सिर व सीने पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए।पीड़ित ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान हमलावर दुकान के कैश काउंटर से 11,022 रुपये भी निकाल ले गए। शोर सुनकर पवन मिश्र और राहुल सिंह मौके पर पहुंचे तथा बीच-बचाव कर किसी तरह उनकी जान बचाई। स्थानीय लोगों की भीड़ जुटने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। अभिषेक मिश्र का कहना है कि आरोपियों से उनका लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है और उसी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के बाद से परिवार में दहशत का माहौल है।
पुलिस ने घायल का चिकित्सीय परीक्षण कराने के बाद उनकी तहरीर पर सात नामजद और कुछ अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और मामले की जांच जारी है।