
गैंगस्टर एक्ट के तीन वांछित अभियुक्त गिरफ्तार
बलिया। थाना हल्दी पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित तीन अभियुक्तों को शनिवार को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। यह कार्रवाई धारा 3(1) उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम, 1986 के तहत की।
पुलिस के अनुसार सबसे पहले रैपुरा निवासी पंकज राय को सुबह करीब 7:10 बजे उसके घर से गिरफ्तार किया गया। इसके बाद सीताकुंड निवासी लक्ष्मी नारायण चौबे को सुबह 10:35 बजे तथा नीरुपुर नई बस्ती निवासी श्रवण कुमार चौबे उर्फ छोटक को सुबह 11:15 बजे उनके घरों से दबिश देकर गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि तीनों अभियुक्त गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित थे। गिरफ्तारी के दौरान सभी वैधानिक प्रक्रियाओं का पालन करते हुए अभियुक्तों को उनके अधिकारों से अवगत कराया गया तथा परिजनों को सूचना दी गई। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध हत्या, आर्म्स एक्ट, चोरी, मारपीट, बलवा, सरकारी कार्य में बाधा समेत विभिन्न मामलों के कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद तीनों अभियुक्तों को न्यायालय में पेश किया गया।