
36 घंटे में बांसडीह पुलिस ने बालक को किया बरामद, परिजनों में लौटी खुशी
बलिया। बांसडीह पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए घर से लापता हुए 13 वर्षीय बालक को महज 36 घंटे के अंदर सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई की रात 11:17 बजे बालक की नानी ने थाना बांसडीह में तहरीर देकर बताया कि उनका 13 वर्षीय नाती सुबह करीब सात बजे घर से खेलने के लिए निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। परिवार और रिश्तेदारों के यहां काफी तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका।
पुलिस ने धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विशेष टीम का गठन किया। पुलिस ने जिले के सभी थाना-चौकी प्रभारियों, डिजिटल वालंटियर ग्रुप, सोशल मीडिया और सीसीटीवी कैमरों की मदद से बालक की तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने 36 घंटे के भीतर कठबंधवा देवडीह मार्ग के पास, कस्बा बांसडीह क्षेत्र से नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद बालक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।